सोनीपत में शॉर्ट सर्किट से छह दुकानों में लगी भीषण आग, मेयर ने लिया नुकसान का जायजा

सोनीपत शहर के व्यस्त कच्चे क्वार्टर बाजार की झंडी रोड पर रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण एक दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते यह आग आसपास की छह दुकानों तक फैल गई। इस घटना के कारण पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया। सब फायर ऑफिसर विनोद कुमार ने इस पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कच्चे क्वार्टर में एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी और सूचना मिलते ही दमकल की टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया था।
आग बहुत तेजी से फैल रही थी और आसपास की अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। दमकल कर्मियों ने पांच गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को ही आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के सही कारणों और नुकसान का सटीक आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
इस आग की चपेट में आने वाली दुकानों में फिरोज व अब्दुल्ला हैंडलूम, पूनम अमरदीप लेडीज सूट, हर्षा कॉस्मेटिक, नदीप मिस्त्री की मशीनरी और एमएस गारमेंट्स सहित अन्य दुकानें शामिल हैं। जिस दुकान से आग की शुरुआत हुई थी, उसके अंदर कंबल रखे हुए थे। दुकानों में रखा सारा सामान जल जाने के कारण लाखों रुपये के भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के मेयर राजीव जैन भी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारिकी से जायजा लिया और प्रभावित दुकानदारों से बातचीत की। मेयर ने सभी प्रभावित दुकानदारों से नुकसान की पूरी जानकारी ली और उन्हें हरसंभव मदद तथा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
मेयर राजीव जैन ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित दुकानदारों को बिल्कुल भी अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से भी पीड़ित दुकानदारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
राजीव जैन ने जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों से हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस बोर्ड के माध्यम से व्यापारियों के लिए पांच लाख रुपये तक का व्यक्तिगत बीमा किया जाता है। इसके साथ ही 25 लाख रुपये तक के सामान का बीमा भी कराया जाता है, जिससे आगजनी या किसी अन्य आपदा में होने वाले नुकसान की भरपाई में मदद मिल सकती है।