सोनीपत में नगर निगम कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, मुख्य गेट पर जड़ा ताला और मंत्री का फूंका पुतला

नगर निगम कर्मचारियों का मांगो को लेकर प्रदर्शन, केंद्रीय मंत्री का फूंका पुतला
नगर निगम गेट पर कर्मचारियों ने दो घंटे जड़ा ताला
रणबीर सिंह/सोनीपत/18 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
नगर पालिका कर्मचारी संघ के सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर लगभग दो घंटे नगर निगम के मुख्य द्वार पर ताला जड दिया । इस दौरान नगर निगम में अपना कार्य करवाने आए लोग इधर उधर भटकते रहे। पिछले 10 दिनों से अपनी मांगो को लेकर हड़ताल कर रहे नगर निगम कर्मचारियों ने मांगें पूरी न होने पर एक बडा आंदोलन करने की चेतावनी दी। निगम गेट बंद होने के कारण कई लोग बिना काम करवाएं ही वापस लौटने को मजबूर हो गए।
इस दौरान कर्मचारियों ने शहर में रोष प्रदर्शन करते हुए जूलूस निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे रोड़ पर मंत्री विपुल गोयल का पुतला दहन किया। निगम गेट पर तालाबंदी के करीब दो घंटे बाद सैकड़ों सफाई कर्मचारी नगर निगम परिसर से बाहर निकले। कर्मचारी सरकार विरोधी नारे लगाते हुए सुभाष चौक पहुंचे और पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह के सामने प्रदर्शन करते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का पुतला फूंका।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कर्मचारियों ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। नगर पालिका कर्मचारी संघ के कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों को लेकर सरकार के साथ कई बार बातचीत हो चुकी है। बातचीत के दौरान कई बार सहमति भी बनी, लेकिन अब तक मांगों पर ठोस फैसला नहीं लिया गया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार बार-बार उनसे सहमति बनाती है, लेकिन बाद में किए गए वादों को पूरा नहीं करती।
इसी वजह से उन्हें हड़ताल और आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। कर्मचारी संघ के अनुसार सफाई कर्मचारी पिछले 10 दिनों से हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। उनका कहना है कि यदि सरकार जल्द उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करती तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन किया जा सकता है। कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी दी कि मांगों पर ठोस निर्णय होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब शहर की सफाई व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। बाजारों में भी गंदगी जमा होने से दुकानदारों और आम लोगों को परेशानी हो रही है। कई जगह दुकानदार कूड़े के ढेर में आग लगाकर उसे हटाने की कोशिश करते भी नजर आते हैं। बाजारों में जमा कूड़े को लेकर दुकानदारों का कहना है कि गंदगी के कारण दुकानदारी प्रभावित हो रही है।
कूड़े के ढेर से दुर्गंध फैल रही है और ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों ने जल्द सफाई व्यवस्था बहाल किए जाने की मांग की है। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि वे काम करना चाहते हैं, लेकिन सरकार द्वारा उनकी मांगों पर फैसला नहीं लिए जाने के कारण उन्हें हड़ताल करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। कर्मचारियों ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने और आम जनता को हो रही परेशानी के लिए वे जिम्मेदार नहीं हैं। सरकार को उनकी मांगों का समाधान कर हड़ताल समाप्त कराने की दिशा में कदम उठाना चाहिए।
कर्मचारियों ने सरकार से मांग की है कि पहले की गई सहमतियों और वादों को पूरा किया जाए तथा उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करने तथा हड़ताल को अनिश्चितकालीन करने की चेतावनी दी है। इस दौरान इकाई प्रधान भारत कंडेरा, इकाई सचिव राजा भाई, नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला वरिष्ठ उपप्रधान विरेंद्र कुमार, राज्य वरिष्ठ उपप्रधान राजीव खत्री, दीपक बोहोत, भारत बोहोत, कमलेश, कांता, कमलेश, बबीता, राजरानी, विरेंद्र, ओमप्रकाश ,विजय कुमार, संदीप अतील, यशेनदर, बोबीराम, मनोज कुमार, सत्यवान, धर्मेंद्र, नीतिन शर्मा, अजीत, अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।