भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने किया दावा, नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को करेंगे शून्य पर आउट

www.atalhind.com5 May 20263 min read1 viewsसोनीपत
भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने किया दावा, नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को करेंगे शून्य पर आउट

भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने किया दावा, नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को करेंगे शून्य पर आउट
राजीव जैन ने भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों को जनता के सामने रखा और निगम क्षेत्र के विकास के लिए जताई अपनी प्रतिबद्धता

रणबीर सिंह रोहिल्ला/सोनीपत।

 

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव परिणामों में भाजपा के शानदार प्रदर्शन से सोनीपत नगर निगम क्षेत्र में जश्न का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने  ‘मोदी है तो मुमकिन है’ के नारों के साथ इस जीत को जनता के विश्वास की जीत बताया है।

 

बंगाल में चौथी बार ममता बनर्जी को मुख्यमंत्री बनने से रोकते हुए भाजपा ने प्रचंड बहुत हासिल कर जीत दर्ज की है। इस जीत से सोनीपत नगर निगम क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों में गजब का उत्साह दिखाई दे रहा है।

 

 

मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार व भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने कहा कि बंगाल, असम व पुडुचेरी की तरह सोनीपत नगर निगम में भी जनता के आशीर्वाद से कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने जिस तरह से नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लटकाया था, बंगाल की मातृशक्ति ने उसका जवाब दे दिया है।

 

 

अब आगामी 10 मई को होने वाले नगर निगम चुनाव में सोनीपत की महिलाएं भी विपक्ष को जवाब देंगी। मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने मंगलवार को अपना जनसंपर्क अभियान तेज करते हुए करीब दो दर्जन सभाएं कर लोगों से वोट की अपील की।

 

 

इस दौरान राजीव जैन ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के चुनावी सभाओं की ऐतिहासिक सफलता पर निगम क्षेत्र की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक सोनीपत में 20 जगहों पर आयोजित सभाओं में शामिल होकर उनका मनोबल बढ़ाया है।

राजीव जैन ने जनसंपर्क अभियान के दौरान कहा कि बंगाल, असम व पुडुचेरी में भाजपा की यह ऐतिहासिक जीत है। बंगाल की जागरूक जनता ने भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति को नकारते हुए विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी है।

 

 

इस जीत ने भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया है। उन्होंने कहा यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं भाजपा संगठन की मजबूती का परिणाम है। हरियाणा प्रदेश की जनता को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की नीतियों पर पूरा भरोसा है।

 

 

उन्होंने कहा कि सोनीपत की जनता ने भी अपना मन बना लिया। सोनीपत नगर निगम चुनाव में भाजपा के सभी उम्मीदवारों की रिकार्ड तोड़ जीत होगी। राजीव जैन ने दावा करते हुए कहा निगम चुनाव में कांग्रेस को शून्य पर आउट करेंगे। भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन ने कहा कि मैंने अपने राजनीतिक जीवन में कांग्रेस की ऐसी दुर्दशा नहीं देखी जैसी आज बनी हुई है।

 

 

अपने चुनावी प्रचार के दौरान राजीव जैन ने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कांग्रेस ने हमेशा जनता को छलने का ही काम किया। कांग्रेस ने अपने सालों की सत्ता में सिर्फ भ्रष्टाचार किया है । आज जनता कांग्रेस की नीतियों को समझ चुकी है।

 

 

उन्होंने कहा कि जब से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आये हैं, तब से गरीबों व वंचितों के हितों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की गई है, जिसका लाभ उन्हें मिल रहा है। राजीव जैन ने लोगों से अपील किया कि इस बार भी प्रदेश में ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार बनाने में सहयोग करें, ताकि शहर के विकास के लिए नई योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।

 

 

उन्होंने छोटूराम  कॉलोनी, ओल्ड हाउसिंग बोर्ड, मुरथल अड्डा, वाल्मीकि बस्ती सुभाष नगर, धानक बस्ती आर्य नगर रोहतक रोड, विशाल नगर, प्रेम नगर, ककरोई रोड, दहिया कॉलोनी, मोहन नगर आदि जगहों पर आयोजित सभाओं के दौरान सोनीपत की जनता से आशीर्वाद मांगा और भाजपा के पक्ष में भारी संख्या में मतदान की अपील की। इन सभाओं में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मेयर प्रत्याशी राजीव जैन का फूल मालाओं से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

Share:

Comments

Leave a comment