सोनीपत में संत गुरु रविदास की पावन मिट्टी पहुंची और जिला परिवाद समिति की बैठक में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने सुनी शिकायतें

Team Atal Hind7 August 20262 min read14 viewsसोनीपत
सोनीपत में संत गुरु रविदास की पावन मिट्टी पहुंची और जिला परिवाद समिति की बैठक में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने सुनी शिकायतें

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से लाई गई पावन मिट्टी गुरुग्राम से होते हुए सोनीपत पहुंची। नगर निगम सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने श्रद्धालुओं के साथ देवडू रोड, लाल दरवाजा स्थित श्री गुरु रविदास मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर पावन मिट्टी की स्थापना की और संत गुरु रविदास जी महाराज को नमन किया। मेयर राजीव जैन ने कहा कि संत गुरु रविदास जी महाराज ने अपने जीवन से समाज को समानता, मानवता, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया है। इस अवसर पर आजाद नेहरा, कृष्ण भाटिया, रतन सिंह भाटिया, मोहन लाल नेहरा, कंवर सिंह, महेंद्र भाटिया, कारण पुनिया, गुरु रविदास समाज के गणमान्य नागरिक, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने लघु सचिवालय में आयोजित जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न विभागों से संबंधित 16 शिकायतों की गंभीरता से सुनवाई की। इनमें से 08 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर संबंधित शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष 08 मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में पांच शिकायतों के निवारण के लिए विधायकों की अध्यक्षता में कमेटियां नियुक्त की गईं। गांव जांटी कलां निवासी शकुंतला की शिकायत की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त व चार ग्रीवेंश सदस्यों को शामिल करते हुए कमेटी बनाई गई और अगली बैठक तक रिपोर्ट सौंपने को कहा गया। अखंड हिन्दू स्वाभिमान के अध्यक्ष मनीष की शिकायत पर विधायक निखिल मदान व डीसीपी की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर खान कालोनी में अवैध कब्जों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। गांव प्रीतमपुरा निवासी अनिकेत की गली पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायत पर डीडीपीओ और तहसीलदार को जांच कर कब्जा हटवाने के निर्देश दिए गए।

गांव बाघडू निवासी दीपचंद की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी को निर्देश दिए गए कि वे निजी कंपनी द्वारा खुले में गंदा पानी छोड़ने और वायु प्रदूषण की जांच करें और कंपनी मालिक को नोटिस दें। गांव राठधाना निवासी जगवंत सिंह की नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे ठगने की शिकायत पर शिक्षा मंत्री ने विधायक निखिल मदान और ग्रीवेंश मेंबर को जांच करने के निर्देश दिए। बिजली विभाग से संबंधित शिकायतों पर उपायुक्त को अधिकारियों की बैठक लेकर समस्याओं के समाधान का रास्ता निकालने को कहा गया। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है और अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

लघु सचिवालय परिसर में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित रूप से देखभाल करने का आह्वान किया।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment