सोनीपत में ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 257 अपराधी गिरफ्तार

सोनीपत में पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत बड़ी संख्या में अपराधियों को पकड़ा है। सोनीपत पुलिस ने एक से 15 अगस्त तक चलाए गए 15 दिवसीय ऑपरेशन ट्रैकडाउन में कुल 257 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में कुल 182 मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार और नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।
अवैध हथियार और नशीले पदार्थ बरामद
पुलिस ने इस अभियान के दौरान अपराधियों के पास से कई खतरनाक चीजें बरामद की हैं। पुलिस ने 17 अवैध असलहे, पांच देशी कट्टे, 10 पिस्तौल और दो रिवॉल्वर बरामद की हैं। इसके साथ ही पुलिस ने 28 कारतूस, 39 चोरीशुदा वाहन और हेरोइन, चरस, स्मैक तथा गांजा भी बरामद किया है।
अधिकारियों के निर्देश पर चला अभियान
डीसीपी क्राइम नरेंद्र सिंह कादियान ने सोमवार को इस बारे में पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल के निर्देश और पुलिस आयुक्त ममता सिंह के मार्गदर्शन में चलाया गया है। उन्होंने साफ कहा कि जिले में अपराधियों के लिए कोई भी सुरक्षित ठिकाना नहीं है और पुलिस की यह सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
कुख्यात अपराधी और मुठभेड़ में गिरफ्तारी
इस अभियान के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ भी हुई। अभियान में चार मुकदमों वाला सागर खरखौदा ज्वैलर्स लूट मामले में मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से मात्र आठ घंटे के भीतर पकड़ा गया। चार मुकदमों वाला नीरज कनिया चोरी की स्कूटी सहित पकड़ा गया। अजय खरखौदा न्यायालय के बाहर हत्या के मामले में और जोगिन्द्र 11 मुकदमों में जानलेवा हमले व तोड़फोड़ के मामलों में पकड़े गए। मोहित चावला 23 मामलों में, सुमित चार मामलों में अवैध हथियार व कारतूस सहित, रविन्द्र उर्फ मनीष तीन मामलों में 220 ग्राम चरस तथा जितेन्द्र आठ मामलों में वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो सहित पकड़ा गया। मोहित चार मामलों में हत्या, पुलिस पर हमला व हथियार मामलों तथा सहदेव सात मामलों में हथियार, चोरी व लूट के मामलों में गिरफ्तार हुआ।
इनामी बदमाश और ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने कई इनामी और बड़े तस्करों को भी दबोचा है। पुलिस ने पांच हजार रुपये के इनामी सन्नी, मनोज और बिंट्टू को हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों में पकड़ा है। प्रिंस और दीपक से 255 ग्राम चरस, 421 ग्राम हेरोइन और तीन पिस्तौल बरामद हुईं। प्रिंस से एक और पिस्तौल व सात कारतूस मिले। ओमप्रकाश से 35.280 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। नाइजीरियाई मूल के चिडी को 14 अगस्त को 310 ग्राम हेरोइन सहित पकड़ा गया।