सोनीपत: ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले मुख्य सिपाही के परिवार को दी 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

सोनीपत जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले मुख्य सिपाही देवी दयाल के परिवार की मदद के लिए सोनीपत पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने स्वेच्छा से 25 लाख 5 हजार 200 रुपये जुटाए हैं। पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने शुक्रवार को यह राशि उनकी पत्नी को चेक के माध्यम से सौंपी है। यह पूरी राशि पुलिस विभाग के कर्मचारियों के आपसी सहयोग से जुटाई गई है।
कुंडली थाना क्षेत्र में हुआ था हादसा
मुख्य सिपाही देवी दयाल पानीपत जिला के गांव नामुण्डा के रहने वाले थे। वह कुंडली थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान वाहन की टक्कर लगने से जान गंवा बैठे थे। उनके इस प्रकार अचानक निधन को पुलिस परिवार ने एक अपूरणीय क्षति बताया है। इस आर्थिक सहायता राशि के वितरण के दौरान पुलिस उपायुक्त मुख्यालय सोनाक्षी सिंह, पुलिस उपायुक्त अपराध नरेंद्र कादयान और सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह भी मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने दी जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि साथी पुलिसकर्मी के परिवार की मदद के लिए सभी जवानों ने स्वेच्छा से आर्थिक योगदान दिया है। पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि सोनीपत पुलिस अपने हर जवान और उसके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाने वाले पुलिसकर्मी के योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा। उन्होंने इस मानवीय पहल के लिए सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों का आभार जताया है।
पुलिस परिवार की एकजुटता का उदाहरण
पुलिस अधिकारियों ने आगे कहा कि जवानों का यह योगदान पुलिस परिवार की एकजुटता, संवेदनशीलता और भाईचारे का एक बड़ा उदाहरण है। सोनीपत पुलिस मुख्य सिपाही देवी दयाल के कर्तव्य, समर्पण और बलिदान को हमेशा सम्मान के साथ याद रखेगी। इसके साथ ही पुलिस परिवार उनके इस पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग लगातार देती रहेगी।