सोनीपत में सावन के सोमवार को दोपहर बाद अचानक बदले मौसम ने शहरवासियों को गर्मी से राहत दी, लेकिन कुछ ही देर की तेज बारिश ने शहर की सड़कों और चौक-चौराहों को तालाब में तब्दील कर दिया। इस बारिश के कारण राहगीर और वाहन चालक काफी परेशान हुए और तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि कई इलाकों में सड़कें पानी से लबालब हैं तथा वाहन चालक पानी के बीच से निकलने को मजबूर हैं।
तेज बारिश के बाद गीता भवन चौक, मुरथल अड्डा चौक, कालूपुर चुंगी, राठधाना रोड, पुराना इंडस्ट्रीज एरिया, खाटू श्याम मंदिर रोड, रोहतक रोड फ्लाईओवर, ककरोई चौक, परशुराम चौक, सुरी पेट्रोल पंप क्षेत्र और शनिवार अंडरपास समेत शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति नजर आई। बारिश के बाद सड़कों पर इतना पानी भर गया कि दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी।
तस्वीरों में एक स्कूटी सवार पानी से भरी सड़क के बीच वाहन निकालने की कोशिश करता नजर आ रहा है, जबकि कई जगह कार और अन्य वाहन भी जलभराव के बीच फंसे दिखाई दिए। कई दुकानों के सामने तक बरसाती पानी पहुंच गया और निचले इलाकों में लोगों को घरों और दुकानों के आसपास जमा पानी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे पैदल राहगीरों के लिए भी सड़क पार करना मुश्किल हो गया।
हर साल बारिश के दौरान सामने आने वाली जलभराव की समस्या ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही शहर के कई प्रमुख हिस्सों में पानी जमा हो जाता है और शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से बरसात के दिनों में आमजन की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश भले ही कुछ समय के लिए गर्मी से राहत दे, लेकिन जलभराव सोनीपत के लोगों के लिए हर बार आफत बनकर सामने आता है और अधिकारियों को बार-बार शिकायत करने के बावजूद कहीं समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।