सोनीपत में रक्षाबंधन पर्व पर मेयर और पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार के आवास पर पहुंचीं बहनें, बंधवाई राखी

सोनीपत में रक्षाबंधन का पर्व बहुत ही धूमधाम के साथ मनाया गया। नगर निगम मेयर राजीव जैन ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व स्नेह, विश्वास, दायित्व, सुरक्षा और पारिवारिक आत्मीयता का पर्व माना जाता है। यह पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं होता है। यह हमारी पारिवारिक परंपराओं, सामाजिक संबंधों और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम भी है। ब्रह्मकुमारी बहन प्रमोद, सुनीता, अनु कुमारी एवं रामा दीदी मेयर के निवास स्थान पर पहुंचीं। उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, मेयर राजीव जैन एवं पुत्र दिव्यांक जैन को रक्षा सूत्र बांधकर आशीर्वाद दिया। साथ ही पूरी शक्ति से समाज कल्याण में जुटे रहने की प्रेरणा दी। ब्रह्मकुमारी बहनों ने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व रिश्तों की कीमत समझने का अवसर देता है। यह पर्व याद दिलाता है कि भौतिक उपलब्धियों के बावजूद जीवन की वास्तविक समृद्धि अपने लोगों के प्रेम एवं विश्वास में ही निहित होती है।
पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार के आवास पर हुआ रक्षाबंधन कार्यक्रम
सोनीपत से पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार ने कहा कि बहनों के स्नेह का यह रिश्ता प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक रहा है। रक्षाबंधन के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, सेक्टर-15, श्री आनंदपुर धाम और हरियाणा कांग्रेस सेवा दल की बहनों सहित सोनीपत विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में बहनें सेक्टर-15 स्थित उनके आवास पर पहुंचीं। इन बहनों ने विधि-विधान से तिलक कर पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार की कलाई पर राखी बांधी। शुक्रवार को पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार ने सभी बहनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बहनों का प्यार और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होती है। रक्षाबंधन का पर्व हमें अपने रिश्तों को और मजबूत करने का संदेश देता है। यह पर्व बहनों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जिम्मेदारी निभाने की सीख देता है।
बहनों के सम्मान और अधिकारों के लिए हमेशा निभाएंगे जिम्मेदारी
पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार ने कहा कि वे बहनों के सम्मान एवं अधिकारों के लिए हमेशा अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे। इस अवसर पर बहनों ने पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार को राखी बांधकर उनके प्रति अपना स्नेह और विश्वास व्यक्त किया। बहनों ने कहा कि पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार हमेशा उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार ने सभी बहनों के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रक्षाबंधन के अवसर पर भाई-बहन के प्रेम और अपनत्व की एक बहुत ही खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य लोगों ने भी सभी को रक्षाबंधन पर्व की बहुत-बहुत शुभकामनाएं दीं।