सोनीपत में सफाई कर्मियों की हड़ताल: व्यापारियों और नागरिकों ने खुद उठाया सफाई का बीड़ा

सोनीपत में सफाई कर्मियों की हड़ताल: व्यापारियों और नागरिकों ने खुद उठाया सफाई का बीड़ा

सोनीपत में सफाई कर्मियों की प्रदेश व्यापी हड़ताल चल रही है। इस हड़ताल के चलते जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। कूड़े के ढेरों से परेशान होकर व्यापारियों एवं नागरिकों ने स्वयं सफाई का बीड़ा उठाया है। व्यापारियों ने गुरुवार काे सामूहिक रूप से एकत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रालियों में कूड़ा भरने की शुरुआत की है।

जन्माष्टमी के कारण आ रही थी परेशानी

जन्माष्टमी का त्यौहार होने के कारण मार्किट में गंदगी फैली हुई थी। गंदगी के चलते ग्राहकों का मार्किट में आना मुश्किल हो रहा था। कूड़े के ढेरों में कीड़े चलने के कारण बीमारियां फैल रही हैं। गुरुवार सुबह कच्चे क्वार्टर मार्किट में सभी दुकानदार एकत्रित हुए। दुकानदारों ने मौके पर नगर निगम मेयर राजीव जैन और पार्षद राजेंद्र चांदना को बुलाया। दुकानदारों ने मेयर और पार्षद से कूड़ा उठाने में साथ देने की अपील की। देखते देखते ही सभी ने मिलकर दो ट्राली कूड़ा साफ कर दिया।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

भीम नगर और विभिन्न वार्डों में चला सफाई अभियान

इसी तरह भीम नगर वासियों ने एकत्रित होकर पार्षद संजीव वलेचा को मौके पर बुलाया। नागरिकों ने अंडरपास के नीचे सफाई अभियान चलाने की अपील की। मौके पर नगर निगम की मशीनों ने पुलिस बल की मौजूदगी में कूड़ा एकत्रित किया। नागरिकों के सहयोग से यह कूड़ा 10 ट्रालियों में भरवाया गया। वार्ड 18 में जाट कालेज के पास पार्षद सुनीता राठी ने नागरिकों के साथ मिलकर कई दिन से जमा कूड़ा उठवाया।

पार्षदों ने दिया नागरिकों का साथ

वार्ड 12 में चिल्ड्रन पार्क, वार्ड 10 में नरेंद्र नगर और वार्ड 9 में पटेल नगर में सफाई कार्य हुआ। इसके अलावा वार्ड 21 में गढ़ी ब्राह्मणं, वार्ड 20 में जैन बैग कॉलोनी और वार्ड 19 में ककरोई रोड पर भी अभियान चला। नागरिकों ने क्रमशः पार्षद लक्ष्मी नारायण तनेजा, संजय ठेकेदार, रामनिवास रोहना और संजय बड़वासनिया को बुलाया। नागरिकों ने राजकुमार शर्मा, राजेश मालिक, मुकेश सैनी और मुकेश बामनिया को भी मौके पर बुलाया। सभी नागरिकों ने इन पार्षदों के साथ मिलकर सफाई कार्य में पूरा सहयोग किया।

जनप्रतिनिधियों और हड़ताली कर्मचारियों से अपील

दुकानदारों एवं नागरिकों का कहना है कि पार्षद एवं मेयर हमारे जनप्रतिनिधि हैं। इसलिए संकट के समय उन्हें हमारे साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने हड़ताली कर्मचारियों से भी एक खास अपील की है। नागरिकों ने कहा है कि जब हम बाजारों एवं गलियों में सफाई करें तो हड़ताली कर्मचारी उसमें व्यवधान पैदा न करें। कर्मचारियों को ऐसा कोई काम नहीं करना चाहिए जिससे आपस में टकराव पैदा हो।

Share:

Comments

Leave a comment