सोनीपत के स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित,

नशा करने से बुरा है नशे का व्यापार करना, पाप की कमाई से तो अच्छा परिश्रम से पेट भरना : डॉ. अशोक कुमार वर्मा
संस्कृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नशे के विरुद्ध एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रणवीर रोहिल्ला/सोनीपत /11 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
संस्कृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोनीपत में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा नशे के विरुद्ध एक दिवसीय व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्राचार्य कृष्ण कुमार ने अध्यक्षता की। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उपनिरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता है, बल्कि उसके परिवार, समाज और पूरे राष्ट्र को भी कमजोर करता है।
युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति
युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहेगी तो देश का भविष्य सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने मित्रों, परिवारजनों तथा आसपास रहने वाले लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही वह शक्ति है, जिसके माध्यम से युवाओं को नशे के चंगुल में फंसने से बचाया जा सकता है।
माता-पिता कभी नहीं देते नशे की सलाह
उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि माता-पिता अपने बच्चों को कभी नशे की ओर जाने की सलाह नहीं दे सकते हैं। माता-पिता अच्छी तरह जानते हैं कि नशा व्यक्ति के जीवन, स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को बर्बाद कर देता है। इसलिए युवाओं को नशे के संबंध में किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव अथवा बहकावे में नहीं आना चाहिए।
नशे का चक्रव्यूह और बचाव
डॉ. वर्मा ने नशे के चक्रव्यूह की व्याख्या करते हुए कहा कि नशा प्रायः जिज्ञासा, मित्रों के दबाव अथवा शौक के रूप में शुरू होता है। व्यक्ति धीरे-धीरे उसकी गिरफ्त में आता चला जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए नशे की नहीं, बल्कि अनुशासन, परिश्रम, सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कारों की आवश्यकता है। युवा यदि अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, रचनात्मक कार्यों, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में लगाएंगे तो वे स्वयं भी सफल होंगे और देश को भी मजबूत बनाएंगे।
नशा तस्करों पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर
डॉ. वर्मा ने कहा कि विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तत्परता से कार्य कर रही हैं। इसके बावजूद नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोग अपने आर्थिक स्वार्थ के लिए युवाओं को नशे की ओर आकर्षित करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों की गतिविधियां किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।
हेल्पलाइन नंबर और महत्वपूर्ण अपील
हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने आमजन से अपील की कि नशे की बिक्री, तस्करी अथवा सेवन से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 अथवा 9050891508 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि जीवन में ईमानदारी और परिश्रम से अर्जित धन ही वास्तविक सुख और सम्मान देता है। नशा करने से बुरा है नशे का व्यापार करना, ऐसे पाप की कमाई से तो अच्छा परिश्रम से पेट भरना है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से स्वयं दूर रहने, दूसरों को नशे से बचाने तथा नशामुक्त समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।