सोनीपत में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां शुरू, उपायुक्त नेहा सिंह ने दिए विभागों को समन्वय के निर्देश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान की तैयारियों को लेकर उपायुक्त नेहा सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद सभी संबंधित विभागाध्यक्षों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की गतिविधियां समयबद्ध तरीके से आयोजित करने के गुरुवार को स्पष्ट निर्देश दिए।
आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से होगी शुरुआत
उपायुक्त नेहा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के साथ होगी। इसके तहत बूथ स्तर के साथ-साथ अमृत सरोवरों, धार्मिक स्थलों और जिले में प्रधानमंत्री द्वारा शिलान्यास व उद्घाटन किए गए प्रमुख प्रोजेक्ट्स पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने बूथ स्तर के कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने और सभी बूथों पर कार्यक्रम कराना अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं।
कार्यक्रमों का कैलेंडर और अधिकारियों की नियुक्ति
अभियान के दौरान होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तिथि और स्थान की जानकारी तुरंत उपायुक्त कार्यालय को दी जाए। इससे जिला स्तर पर कार्यक्रमों का एक व्यापक कैलेंडर तैयार किया जा सके। सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर भी नोडल अधिकारी नियुक्त करें। उन्होंने सभी बीडीपीओ को ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रमों के लिए जल्द से जल्द स्थान तय करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
जनहित के कार्यों और योजनाओं का प्रचार
उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि जो विभाग सीधे तौर पर इस अभियान से नहीं जुड़े हैं, वे भी अपने नए और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की जानकारी आपस में साझा करें। इससे जनहित के कार्यों और सरकार की उपलब्धियों को आम लोगों तक आसानी से पहुंचाया जा सकेगा। इस अभियान के माध्यम से जनसेवा, सुशासन, कल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विकसित भारत-2047 के संकल्प की पूरी जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। इस पूरे आयोजन में नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रमों की फोटो और वीडियोग्राफी कर दस्तावेजीकरण करने तथा सोशल मीडिया समेत अन्य सभी माध्यमों से प्रचार-प्रसार करने के विशेष निर्देश दिए गए हैं। इस बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला नोडल अधिकारी अजय चोपड़ा, एसडीएम सुभाष चंद्र, सीटीएम सिमरन, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया सहित कई संबंधित अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।