सोनीपत: सेवा संकल्प अभियान के तहत दो लाख सात हजार से अधिक कार्डधारकों को बांटे गए दीये

सोनीपत में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को आयोजित होने वाले आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम को लेकर जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा जिला में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मंगलवार को कार्यक्रम के तहत जिला के दो लाख सात हजार 548 कार्डधारकों को चार लाख 15 हजार 96 दीयों का वितरण किया गया है। विभाग द्वारा यह वितरण डिपो धारकों के माध्यम से करवाया गया है, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में भाग लेकर दीप प्रज्वलन कर सकें।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक का बयान
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राजेश्वर मुदगिल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के लिए विभाग द्वारा जिला के लाभार्थियों को कुल 4 लाख 15 हजार 96 दीये वितरित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ये दीये अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) तथा एसबीपीएल कार्डधारकों को डिपो धारकों के माध्यम से उपलब्ध करवाए गए हैं। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को इस कार्यक्रम से जोड़ना है, ताकि वे सामूहिक रूप से इस अभियान का हिस्सा बन सकें।
17 सितंबर को होगा दीप प्रज्वलन
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को शाम के समय आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के अंतर्गत दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इस अवसर पर लाभार्थी परिवार अपने घरों में दीये जलाकर सेवा संकल्प अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में सेवा, समर्पण और सकारात्मक सोच की भावना को मजबूत किया जाएगा।