सोनीपत स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में दीक्षारंभ समारोह: प्रतिभावान युवा सही दिशा और अवसर से सफलता की नई कहानी लिखेंगे

सोनीपत स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में दीक्षारंभ समारोह: प्रतिभावान युवा सही दिशा और अवसर से सफलता की नई कहानी लिखेंगे

सोनीपत के राई स्थित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में सोमवार को दीक्षारंभ एवं इंडक्शन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में हरियाणा भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। मुख्य अतिथि ने मेडलिस्ट खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार दिए और उनकी फीस की राशि लौटाकर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरियाणा के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। प्रदेश ने खेलों के क्षेत्र में देश को अनेक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं। जरूरत इस बात की है कि प्रतिभा को सही दिशा, बेहतर प्रशिक्षण और उचित अवसर दिए जाएं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपना लक्ष्य निर्धारित करें और अनुशासन तथा पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि युवा अपनी शिक्षा के साथ-साथ खेल भावना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।

समारोह के दौरान खिलाड़ियों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विश्वविद्यालय के कुछ मेडलिस्ट खिलाड़ियों की फीस की राशि भी रिफंड कर दी गई। इस पहल से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। समारोह में यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि मेहनत और उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय स्तर पर हरसंभव प्रोत्साहन और सहयोग प्रदान किया जाएगा।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

दिग्गज खिलाड़ियों ने दिए सफलता के मंत्र

ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित आंतिल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं मिलती है, बल्कि इसके लिए अनुशासन, आत्मविश्वास और विपरीत परिस्थितियों में डटे रहने का जज्बा होना भी बहुत जरूरी है।

ओलंपिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त ने विद्यार्थियों से कहा कि खेल व्यक्ति को अनुशासित और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे फिटनेस को अपनी जीवनशैली का मुख्य हिस्सा बनाएं और नशे से पूरी तरह दूर रहें।

ओलंपियन मुक्केबाज अखिल कुमार ने विद्यार्थियों को सीख दी कि वे अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन्हें अपनी ताकत में बदलें। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता पाने के लिए लगातार मेहनत और आत्मविश्वास जरूरी है। युवाओं को हमेशा देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का लक्ष्य अपने सामने रखना चाहिए।

विश्वविद्यालय में हुआ भव्य स्वागत और सांस्कृतिक कार्यक्रम

विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार और भाजपा जिला महामंत्री नीरज कुमार ठरू ने मुख्य अतिथि डॉ. अर्चना गुप्ता का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस कार्यक्रम में ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित आंतिल, ओलंपिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त और ओलंपियन मुक्केबाज अखिल कुमार की गरिमामयी उपस्थिति ने विद्यार्थियों में भारी उत्साह भर दिया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया

कुलपति अशोक कुमार ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय की प्रमुख उपलब्धियों और वहां विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सभी आधुनिक सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस महत्वपूर्ण अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी अधिकारी, शिक्षक, प्रतिभाशाली खिलाड़ी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे

Share:

Comments

Leave a comment