सोनीपत: 24 करोड़ की स्टॉर्म वाटर परियोजना से गन्नौर में सुधरेगी जल निकासी व्यवस्था

सोनीपत: 24 करोड़ की स्टॉर्म वाटर परियोजना से गन्नौर में सुधरेगी जल निकासी व्यवस्था

सोनीपत, 20 अगस्त। गन्नौर रेलवे रोड समेत शहर के प्रमुख मार्गों पर होने वाले जलभराव से गन्नौर वासियों को जल्द राहत मिलेगी। शहर की वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या के समाधान के लिए जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगभग 24 करोड़ रुपए की लागत से स्टॉर्म वाटर पाइपलाइन परियोजना पर काम चल रहा है। परियोजना के तहत करीब 7.5 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है। बरसाती पानी को पाइपलाइन और पंपिंग स्टेशन के जरिए सीधे अगवानपुर ड्रेन तक पहुंचाया जाएगा। गुरुवार को विधायक देवेंद्र कादियान ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।

रेलवे ओवरब्रिज से पंपिंग स्टेशन तक पाइपलाइन का कार्य

परियोजना के तहत फिलहाल रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से अगवानपुर रोड स्थित इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन तक पाइपलाइन डालने का काम चल रहा है। इस हिस्से में करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अगवानपुर रोड पर चल रहे कार्य का विधायक देवेंद्र कादियान ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांची और अधिकारियों को काम निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

दो इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन और पाइपलाइन का रूट

परियोजना के तहत शहर में दो इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। पाइपलाइन देवीलाल चौक, जीटी रोड, बेगा रोड, गुमड़ फ्लाईओवर क्षेत्र, पुराना बादशाही रोड और अगवानपुर रेलवे ओवरब्रिज तक बिछाई जाएगी। पंपिंग स्टेशनों के माध्यम से बरसाती पानी को अगवानपुर ड्रेन में छोड़ा जाएगा। अगवानपुर रोड का काम पूरा होने के बाद बेगा रोड और बादशाही रोड पर पाइप लाइन डालने का काम शुरू होगा।

रेलवे रोड पर काम रोका और स्थायी समाधान की उम्मीद

बता दें कि स्टॉर्म वाटर पाइपलाइन परियोजना का शुभारंभ विधायक कादियान ने रेलवे रोड स्थित लघु सचिवालय के पास से किया था। पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क उखाड़े जाने के बाद मानसून में बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बन गई। दुकानदारों की परेशानी और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए फिलहाल रेलवे रोड का काम रोक दिया गया है। विधायक कादियान ने कहा कि परियोजना पूरी होने तक निर्माण के कारण दुकानदारों और राहगीरों को कुछ समय परेशानी हो सकती है, लेकिन इसके बाद शहर को जलभराव से बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे रोड पर हल्की बारिश में भी पानी जमा होना वर्षों पुरानी समस्या है। स्टॉर्म वाटर परियोजना इसके स्थायी समाधान की दिशा में अहम कदम है।

Share:

Comments

Leave a comment