शहीदों की याद और तिरंगे के सम्मान में सोनीपत में निकली गई भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे देशभक्ति के नारे

हर घर तिरंगा अभियान के तहत शहीदों की याद और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में बुधवार को सोनीपत शहर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकली इस यात्रा ने पूरे शहर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ अग्रसेन चौक से हुआ। यहां से यात्रा देवीलाल चौक, गीता भवन चौक, गुड़ मंडी, ककरोई रोड से होते हुए तिरंगा चौक पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के पूरे मार्ग पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। राष्ट्रीय ध्वज हाथों में थामे युवाओं और नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचा रही तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा में शामिल विधायक निखिल मदान ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति अपने कर्तव्यों से जोडऩे वाला महत्वपूर्ण अभियान है। तिरंगा हमारे देश की पहचान, गौरव और सम्मान का प्रतीक है। आज की तिरंगा यात्रा में जिस उत्साह और जोश के साथ शहरवासियों ने भाग लिया जो यह दिखाता है कि सोनीपत के लोगों के दिलों में देश के प्रति अपार प्रेम और सम्मान है। उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी नागरिकों, युवाओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। आज हम सभी का दायित्व है कि उनके बलिदानों को हमेशा याद रखें और देश की एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने में अपना योगदान दें। उन्होंने आमजन से अपील की कि हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढक़र भाग लें, अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं तथा अपने बच्चों और युवाओं को भी राष्ट्रभक्ति एवं देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ें। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के दिल में बसने वाली राष्ट्रीय भावना का प्रतीक है।
हर घर तिरंगा अभियान जन-जन का अभियान बने
नगर निगम मेयर राजीव जैन ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल तिरंगा फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देखकर प्रत्येक भारतीय के मन में देशप्रेम और राष्ट्रगौरव की भावना जागृत होती है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अभियान में बढ़-चढक़र हिस्सा लें और अपने घरों, प्रतिष्ठानों तथा कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि आज की तिरंगा यात्रा में जिस प्रकार शहरवासियों ने उत्साह के साथ भागीदारी की है, वह सोनीपत की मजबूत राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का परिचायक है।
शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखें
पूर्व मंत्री कविता जैन ने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीर शहीदों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। हमारे वीरों ने देश की स्वतंत्रता और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा उन सभी वीरों के बलिदान और देश के गौरव का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान हमें अपने शहीदों को याद करने और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे देशहित को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा पूरा शहर
अग्रसेन चौक से शुरू होकर तिरंगा चौक तक पहुंची इस यात्रा के दौरान शहर का माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया। यात्रा के आगे बढऩे के साथ-साथ नागरिकों की सहभागिता भी बढ़ती गई। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों और घरों से बाहर निकलकर पुष्प वर्षा करते हुए तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। यात्रा में शामिल युवाओं ने पूरे जोश के साथ राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए भारत माता की जय, वंदे मातरम और इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए। इस अवसर पर पूर्व मंत्री कविता जैन, योगेश पाल अरोड़ा, राजेंद्र चांदना, दिनेश अत्री, नीरज आत्रेय, अतुल जैन, नवीन मंगला, राजकुमार शर्मा, चरण सिंह जोगी, वासुदेव सुखीजा, नीरज सोनी, दिव्यांक जैन आदि लोग मौजूद रहे।