सोनीपत में अवैध हथियारों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट के आदेश पर भेजे गए जेल

सोनीपत पुलिस की क्राइम यूनिट गोहाना ने रविवार को अवैध हथियार रखने के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से देशी पिस्तौल और एक-एक जिंदा रौंद बरामद किया है। आरोपी रविवार को न्यायालय में पेश किए गए, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पहला मामला: गांव बुटाना के पास से अमन गिरफ्तार
पहले मामले में क्राइम यूनिट गोहाना की टीम 22 अगस्त को गांव बुटाना से खेड़ी खेड़ी के बीच जम्मू-कटड़ा राजमार्ग के जींद रोड के पास गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जींद के गांव धातरथ निवासी अमन के पास अवैध पिस्तौल है। सूचना मिली थी कि वह खेड़ी खेड़ी की ओर से पैदल आने वाला है। कुछ देर बाद एक युवक पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़कर तेज कदमों से जाने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे काबू कर पूछताछ की। उसने अपना नाम अमन बताया। तलाशी लेने पर उसकी पाजामी की दाहिनी जेब से देशी पिस्तौल और उसमें एक जिंदा रौंद मिला। थाना बरोदा में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। मुख्य सिपाही तरुण की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
दूसरा मामला: हसनगढ़ मोड़ गोहाना के पास से रोमियो गिरफ्तार
दूसरे मामले में पुलिस टीम 22 अगस्त को हसनगढ़ मोड़, गोहाना के पास गश्त कर रही थी। सूचना मिली कि रोमियो निवासी देवीपुरा, गोहाना के पास अवैध पिस्तौल है। पुलिस ने सूचना के आधार पर निगरानी की। हसनगढ़ की ओर से आया युवक पुलिस को देखकर वापस जाने लगा। शक होने पर उसे काबू किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रोमियो बताया। तलाशी में उसकी जींस पैंट की दाहिनी जेब से देशी पिस्तौल और एक जिंदा रौंद बरामद हुआ। हथियार का लाइसेंस नहीं मिला। थाना शहर गोहाना में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। मुख्य सिपाही विकास की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।