सोनीपत: दीनबंधु छोटू राम विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. श्रीप्रकाश सिंह को मिला सेवा विस्तार

सोनीपत से सामने आई बड़ी खबर के अनुसार, दीनबंधु छोटू राम विश्वविद्यालय साइंस एवं तकनीकी मुरथल के कुलगुरु प्रो. श्रीप्रकाश सिंह का हरियाणा सरकार द्वारा कुलगुरु के रूप में सेवा विस्तार किया गया है। यह सेवा विस्तार सात सितंबर से लागू हो गया है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. श्री प्रकाश सिंह ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री सहित हरियाणा सरकार का तहे दिल से धन्यवाद किया है। उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि वे सरकार द्वारा जताए गए इस विश्वास को पूरी तरह से बनाए रखेंगे।
कुलगुरु प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने जताया आभार
कुर्सी संभालने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी। विश्वविद्यालय को एकेडमिक, प्रशासनिक एवं अन्य क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने का पूरा प्रयास किया जायेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय के भीतर स्विमिंग पूल, हॉस्टल्स, अन्य इमारतें एवं सड़क निर्माण का रुका हुआ कार्य हर हाल में पूरा किया जायेगा।
विद्यार्थियों और स्टाफ के हितों पर रहेगा जोर
इस पूरी प्रक्रिया में विद्यार्थियों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए एकेडमिक एवं खेल के क्षेत्र में लगातार सुधारात्मक प्रयास किये जाएंगे। इसके अलावा विश्वविद्यालय की आधारभूत संरचना को पूरी तरह से दुरुस्त किया जायेगा। अंत में उन्होंने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं स्टाफ के हित में भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाये जायेंगे।