स्टेट वालीबॉल में शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल का दबदबा, सिरसा के खाते में ट्रिपल गोल्ड

स्टेट वालीबॉल में शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल का दबदबा, सिरसा के खाते में ट्रिपल गोल्ड
- अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 में सिरसा की टीमों ने मारी बाजी, फाइनल में प्रतिद्वंद्वियों को दी मात
-- तीनों विजेता टीमों में शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल के 19 खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, पूरे टूर्नामेंट में एक भी सेट नहीं गंवाया
सिरसा /सतीश बंसल 26 अगस्त 2026 //अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
कुरुक्षेत्र में आयोजित हुई 59वीं हरियाणा स्कूल स्टेट वालीबॉल प्रतियोगिता में सिरसा की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया है। सिरसा की टीमों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 तीनों आयु वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में सिरसा की तीनों टीमों का दबदबा इस कदर रहा कि पूरे टूर्नामेंट में टीम ने एक भी सेट नहीं गंवाया। सभी मुकाबले 2-0 से जीतकर सिरसा ने तीनों वर्गों में अजेय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। खास बात यह रही कि जिले की तीनों विजेता टीमों में शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल के 19 खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम योगदान दिया है।
फाइनल मुकाबलों में इन टीमों को दी मात
फाइनल मुकाबलों में अंडर-14 वर्ग में सिरसा ने भिवानी को 25-14 और 25-19 से हराया है। अंडर-17 वर्ग में सिरसा ने कैथल को 25-19 और 25-15 से मात दी है। अंडर-19 वर्ग में सिरसा ने जींद को 25-14 और 25-21 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। पूरी प्रतियोगिता के दौरान सिरसा के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक, अनुशासन और टीमवर्क का परिचय दिया है। तीनों आयु वर्गों में विरोधी टीमों को कोई सेट जीतने का मौका नहीं मिला है।
इन दिग्गजों ने दी खिलाड़ियों को बधाई
खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन पर शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थान के प्रशासक चरणजीत सिंह इन्सां ने बधाई दी है। स्पोर्ट्स हेड कोच नवजीत सिंह भूल्लर और प्रबंधन समिति सदस्य रिटायर्ड कर्नल नरेंद्र पाल सिंह तूर ने भी शुभकामनाएं दी हैं। जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला, एईओ केवल कंबोज और एईईओ हरबंस सिंह ने भी टीमों की सराहना की है। स्कूल प्रबंधन, प्रधानाचार्य राकेश धवन इन्सां, शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता दयाराम ने भी बधाई दी है। टीम इंचार्ज अनिल कड़वासरा, मंगत कड़वासरा और कोच अमित बुल्ला ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया है। विजेता खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के पावन आशीर्वाद को दिया है। खिलाड़ियों ने खेल को लेकर समय-समय पर बताए गए मार्गदर्शन को भी अपनी सफलता का आधार बताया है।