कैथल में स्ट्रॉ बेलर व सुपर सीडर के आवेदकों का 21 अगस्त को होगा ऑनलाइन ड्रा, उप कृषि निदेशक ने दी जानकारी

कैथल में स्ट्रॉ बेलर व सुपर सीडर के आवेदकों का 21 अगस्त को होगा ऑनलाइन ड्रा, उप कृषि निदेशक ने दी जानकारी

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से सीआरएम स्कीम वर्ष 2026-27 के तहत स्ट्रॉ बेलर और सुपर सीडर कृषि यंत्रों के लिए आवेदन करने वाले किसानों का चयन ऑनलाइन ड्रा के माध्यम से किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा यह ड्रा 21 अगस्त 2026 को दोपहर 2 बजे लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित किया जाएगा।

उप कृषि निदेशक डॉ. गिरीश नागपाल ने बताया कि डीसी अपराजिता के निर्देशानुसार तथा एडीसी डॉ. सुशील मलिक की अध्यक्षता में सीआरएम योजना के तहत किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध करवाया जा रहा है। योजना के अंतर्गत विभिन्न 15 प्रकार के कृषि यंत्रों के लिए जिले के 2580 किसानों ने 3 अगस्त 2026 तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया था।

उन्होंने बताया कि स्ट्रॉ बेलर के 68 तथा सुपर सीडर के 291 कृषि यंत्रों के लिए पात्र आवेदकों का चयन ऑनलाइन ड्रा के माध्यम से किया जाएगा। किसानों से अपील की गई है कि वे ड्रा में भाग लेने के लिए निर्धारित समय पर लघु सचिवालय के सभागार में पहुंचें।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

सहायक कृषि अभियंता कैथल जगदीश मलिक ने बताया कि योजना के तहत विभिन्न कृषि यंत्रों के सभी आवेदित किसानों को यंत्र उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। इन यंत्रों में स्मार्ट सीडर, स्पेशल जीरो टिल ड्रिल, सुपर एसएमएस, हैप्पी सीडर, सब मास्टर रोटरी स्लेशर, हाइड्रोलिक रिवर्सिबल प्लाऊ, जीरो टिल सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल, स्ट्रॉ रेक, फॅप रीपर, पैडी स्ट्रॉ चॉपर, सरफेस सीडर, ट्रैक्टर माउंटेड लोडर (बिन ट्रैक्टर) तथा ट्रैक्टर चालित टेडर मशीन शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के सभी 45 आवेदक किसानों को 45 कृषि यंत्रों पर अनुदान देने के लिए अनुमोदित किया जा चुका है। स्ट्रॉ बेलर और सुपर सीडर के ड्रा के बाद लक्ष्य पूरा होने की स्थिति में 30 प्रतिशत आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा जाएगा। प्रतीक्षा सूची से किसानों का चयन निर्धारित क्रम के अनुसार किया जाएगा, बशर्ते वे योजना की सभी शर्तों एवं आवश्यक दस्तावेजों को पूरा करते हों।

जगदीश मलिक ने बताया कि ऐसे किसानों को ही योजना का लाभ मिलेगा, जिन्होंने पिछले तीन वर्षों के दौरान किसी भी योजना के तहत किसी कृषि यंत्र पर अनुदान का लाभ न लिया हो। विभाग ने सभी पात्र आवेदक किसानों से ड्रा की प्रक्रिया में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है।

Share:

Comments

Leave a comment