राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने दनौदा में अत्याधुनिक पुस्तकालय का किया अवलोकन,

ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता : राज्य सभा सांसद सुभाष बराला
राज्यसभा सांसद ने दनौदा में नवनिर्मित अत्याधुनिक पुस्तकालय का किया अवलोकन,
विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का लिया जायजा
नरेंद्र जेठी/नरवाना /31 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाने की दिशा में गांव दनौदा में सर्वजातीय बिनैण खाप द्वारा तैयार करवाया गया अत्याधुनिक पुस्तकालय एक महत्वपूर्ण पहल है। यह बात राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने सोमवार को गांव दनौदा पहुंचकर नवनिर्मित पुस्तकालय का अवलोकन करने उपरांत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने पुस्तकालय में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध करवायी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया तथा इसके निर्माण से जुड़ी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित संसाधन, मार्गदर्शन और अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने की है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुविधाजनक और शांत वातावरण मिलने से वे अपनी पढ़ाई पर बेहतर ढंग से ध्यान केंद्रित कर सकेंगे तथा प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी में भी उन्हें लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही युवा अपनी प्रतिभा को निखारकर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते है। राज्यसभा सांसद ने पुस्तकालय में विद्यार्थियों के बैठने, अध्ययन व्यवस्था, रोशनी, पंखों, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकालय को विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने तथा यहां अध्ययन के लिए आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को मजबूत करने के साथ-साथ विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक साबित होंगे। राज्य सभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि गांव में इस प्रकार की सुविधा विकसित होना आसपास के विद्यार्थियों के लिए भी लाभदायक है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण बच्चों को पढ़ाई के लिए शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम हो और उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर अध्ययन वातावरण मिले, इसके लिए सामूहिक स्तर पर किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध करवाने वाली ऐसी पहल समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने उम्मीद जतायी कि दनौदा का यह पुस्तकालय विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और उच्च शिक्षा की दिशा में आगे बढऩे के लिए उपयोगी मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण युवाओं की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य में किया गया निवेश समाज के भविष्य को मजबूत करने का कार्य करता है।
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने अत्याधुनिक पुस्तकालय में आवश्यक रखरखाव के लिए अतिरिक्त पांच लाख रुपए देने की भी घोषणा की। सर्वजातीय बिनैण खाप के प्रधान रघुवीर नैन ने राज्य सभा सांसद का स्वागत करते हुए कहा कि समाज व खाप को उनका सहयोग हमेशा मिलता रहा है। इस पुस्तकालय के निर्माण में भी उनका आर्थिक सहयोग यानी 21 लाख रुपए की सराहनीय मदद मिली। इस पुस्तकालय के निर्माण पर करीब सवा करोड़ रुपये खर्च आए हैं। उन्होंने बताया कि दो मंजिला पुस्तकालय में एक साथ करीब 160 विद्यार्थियों के बैठकर अध्ययन करने की व्यवस्था की गई है।
पहली मंजिल पर लगभग 60 विद्यार्थियों तथा दूसरी मंजिल पर करीब 100 विद्यार्थियों के बैठने की सुविधा होगी। पुस्तकालय में पर्याप्त रोशनी, पंखे और सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवायी जाएंगी। खाप प्रधान ने लिव इन रिलेशनशिप, लव मैरिज तथा समलैंगिकता जैसी सामाजिक बुराइयों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खाप पंचायत लव मैरिज के खिलाफ नहीं है सिर्फ वे चाहती हैं की लव मैरिज गांव, गोहांड और सम गोत्र को छोडक़र माता-पिता की सहमति से की जाए।
खाप प्रधान ने आगे कहा की कुछ संकीर्ण मानसिकता के लोग खाप पंचायत को तालिबान की संज्ञा देते हैं जो सरासर गलत है। खाप पंचायत हमेशा से तालीम दान रही है और सामाजिक कुरीतियों को खत्म कर सभ्य समाज के निर्माण की पक्षधर रही है ।उन्होंने युवाओं का भी आह्वान किया कि वे संस्कार युक्त शिक्षा प्राप्त कर समाज और राष्ट्र के निर्माण में सहयोगी बने। इस अवसर पर सर्वजातीय बिनैण खाप के उप प्रधान भगत सिंह, बलवान नैन, बलबीर नैन, रामनिवास शर्मा, बलजीत फौजी, राममेहर, सरपंच किताबों देवी, जोगिंदर , राजेंद्र मल्लू , कुलदीप कमांडो, कला परिषद के अतिरिक्त निदेशक बिंदर दनौदा, सुरेश दनौदा, एडवोकेट मनदीप चहल, बिनैण खाप के अन्य सभी तपा के प्रधान, राज्यसभा सांसद के निजी सहायक कृष्ण नैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, ग्रामीण तथा भारी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।