अनुशासन और अध्यात्म से ही संभव है जीवन की सुखद यात्रा : अरुणाचल प्रदेश के परिवहन मंत्री ओजिंग तासिंग

ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के बोहड़ाकलां स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर (ओआरसी) में परिवहन और यात्रा प्रभाग द्वारा तीन दिवसीय राजयोग ध्यान के माध्यम से सुखद यात्रा विषय पर सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। इस सम्मेलन में अरुणाचल प्रदेश के परिवहन मंत्री ओजिंग तासिंग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जीवन की यात्रा तभी सुखद हो सकती है, जब मन और शरीर में संतुलन हो। इस कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई और अतिथियों का स्वागत तिलक, बैज एवं पौधे भेंट करके किया गया।
मन और शरीर का संतुलन है जरूरी
दादी प्रकाशमणी सभागार में आयोजित कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में बोलते हुए परिवहन मंत्री ओजिंग तासिंग ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान मन और तन के संतुलन के साथ अनुशासन भी सिखाता है। अनुशासन से ही जीवन में संयम आता है और भारतीय संस्कृति का मूल आधार आत्मिक भाव है। उन्होंने स्वच्छ पर्यावरण की आवश्यकता पर बल देते हुए संस्थान से पूर्वोत्तर राज्यों में आध्यात्मिक चेतना के प्रसार को और अधिक बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के प्रयासों से पूर्वोत्तर राज्यों में आज शांति का माहौल है और प्रकृति तथा व्यक्ति का सामंजस्य बहुत जरूरी है।
अध्यात्म ऑक्सीजन की तरह करता है काम
ओआरसी की निदेशिका राजयोगिनी आशा दीदी ने कहा कि गति ही यात्रा की मूल पहचान है और बिना गति के जीवन में स्थिरता आ जाती है। अध्यात्म ऑक्सीजन की तरह काम करता है, जो जीवन को निरंतर आगे बढ़ने की ऊर्जा देता है। वहीं संस्थान के परिवहन एवं यात्रा प्रभाग की अध्यक्ष राजयोगिनी दिव्या दीदी ने कहा कि शरीर की यात्रा सीमित दिनों की होती है, लेकिन मन की यात्रा अनवरत चलती है और राजयोग का नियमित अभ्यास मन को शांत तथा शक्तिशाली बनाता है।
सड़क सुरक्षा और सकारात्मक बदलाव
कार्यक्रम के दौरान एमएमए फाइटर एवं पूर्व पहलवान रितु फोगाट ने कहा कि जीवन के उतार-चढ़ाव के बीच राजयोग हमारी यात्रा को सुखद बनाता है और संस्थान वैश्विक स्तर पर लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। वर्क विद डिग्निटी फाउंडेशन के सीईओ रमा शंकर पांडे ने कहा कि किसी भी देश का सामाजिक वातावरण उसकी सड़कों पर दिखता है। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा किए जा रहे प्रयासों को अनुकरणीय बताया।
मानव जीवन को सही दिशा देती है आध्यात्मिक शक्ति
पूर्व राष्ट्रीय क्रिकेटर व मैरी कॉम फाउंडेशन के चेयरमैन हितेश चौधरी ने कहा कि वर्तमान दौर में आध्यात्मिक शक्ति ही मानव जीवन को सही दिशा प्रदान कर सकती है। प्रभाग की राष्ट्रीय संयोजिका बीके कविता ने प्रभाग की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने नृत्य और नाटक के माध्यम से सभी को प्रेरणादाई संदेश दिया, मंच का संचालन बीके संगीता ने किया और अंत में बीके संजय पौडवाल ने उपस्थित यातायात विशेषज्ञों और गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया।