सुमन सैनी बोलीं, मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रामसरन माजरा में सरकारी कॉलेज खोलकर बाबैन क्षेत्र की पुरानी मांग पूरी की

हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने बुधवार को लाडवा विधानसभा के आठ गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में पहुंचकर ग्रामीणों को अनेक विकास कार्यों की सौगात दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से बीड़ सुजरा, हरिपुरा, नारायणगढ़, काहनगढ़, ईशरगढ़, शंकर कॉलोनी, छारपुरा व मुकरपुर में गांवों के विकास कार्यों के लिए 21-21 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रामसरन माजरा में सरकारी कॉलेज खोलकर इस क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया है। इससे इस क्षेत्र की लड़कियों को भारी लाभ मिला है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के हर वर्ग का विकास सुनिश्चित हो रहा है।
भाजपा सरकार वर्ष 2014 से अंत्योदय की नीति के तहत योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। यही कारण है कि प्रदेश की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा को सत्ता की जिम्मेदारी सौंपी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। 5 सितंबर को लाडवा में मुख्यमंत्री का जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें नागरिक सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रख सकेंगे।
लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांवों और शहरों में लगातार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं और ग्राम सरपंच व ग्रामीण अपनी समस्याएं लिखित रूप में दें। वह स्वयं समय-समय पर क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रही हैं और सेक्टर-3 स्थित निवास पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी भी नागरिकों की समस्याएं सुनते हैं।
नागरिकों के लिए संत कबीर कुटीर के दरवाजे 24 घंटे खुले हैं और प्राप्त शिकायतों का मुख्यमंत्री के माध्यम से समाधान करवाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जन-धन योजना के माध्यम से नागरिकों के बैंक खाते खुलवाए गए, जिससे योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों के खातों में पहुंच रहा है।
कच्ची छत वाले परिवारों से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है ताकि उनके मकानों को पक्का करवाया जा सके। जिन लोगों को ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी हो रही है, वे सरपंच के माध्यम से अपनी सूची उपलब्ध करवाएं ताकि उनके आवेदन कराए जा सकें।
इस अवसर पर बाबैन मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, पिपली के मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, गुढ़ा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेड़ा, लाडवा मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता और सरपंच एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र खैरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।