प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं समर्पण को जन-जन तक पहुँचाने का कार्यकर्ता लें संकल्प: सुमन सैनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं समर्पण को जन-जन तक पहुंचाने का कार्यकर्ता लें संकल्प : सुमन सैनी
सुरेश अरोड़ा /बाबैन /15 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान को लेकर पटाकमाजरा में भाजपा मंडल गुढ़ा की ओर से आयोजित की गई थी। इस कार्यक्रम में हरियाणा बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा पर हुई चर्चा
कार्यशाला के दौरान सुमन सैनी ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा, कार्यक्रमों तथा उद्देश्यों से विस्तार से अवगत करवाया। इस अवसर पर भाजपा गुढ़ा के मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेड़ा, राजकुमार बेदी, अंकुश गोयल, नायब पटाकमाजरा, जगदीप बहलोलपुर, विजय गाबा, साधू सिंह, राजकुमार, रोहित गुढ़ी, जितेन्द्र राणा, प्रदीप गजलाना, शीशपाल छपरा, राजेन्द्र छपरा के अलावा अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना है प्रमुख
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुमन सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना प्रमुख रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को समर्पित भाव से काम करना है। उन्होंने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे इस कार्य में पूरी निष्ठा से जुट जाएं।
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर घरों में जलाएं दीप
सुमन सैनी ने कहा कि सभी पार्टी कार्यकर्ता 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रत्येक देशवासी को अपने घर में दीप जलाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि देशवासी सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के इस संकल्प पर्व में सहभागी बनें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक लोगों को अपने घरों में दीप जलाने के लिए प्रेरित करें ताकि इस अभियान को जन-आंदोलन बनाया जा सके।
युवा मोर्चा और जिलाध्यक्ष ने किया मार्गदर्शन
इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अभियान को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। वहीं, भाजपा के जिलाध्यक्ष रमेश सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता हर वर्ष सेवा भाव के साथ विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भी कार्यकर्ता जरूरतमंद लोगों की सहायता करने, स्वच्छता को बढ़ावा देने तथा समाज हित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेंगे।