कैथल में रणदीप सुरजेवाला का बीजेपी पर हमला, फसल बीमा ठगी और बेरोजगारी से युवा व किसान बर्बाद

सुरजेवाला का गुर्जर धर्मशाला में सम्मान समारोह
रणदीप सुरजेवाला का भाजपा पर करारा हमला: फसल बीमा ठगी, बेरोजगारी और महंगे पानी बिल से किसानों-युवाओं को बर्बाद कर रही भाजपा सरकार
बोले - भाजपा शासन लूट, धोखे और अत्याचार की गारंटी बन चुका है; 8.7 करोड़ युवा बेकार, फसल बीमा एरिया 80% घटा
कैथल / 23 अगस्त 2026 / अटल हिन्द ब्यूरो
कैथल की गुर्जर धर्मशाला में गुर्जर समाज की ओर से एक समाज मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता गुर्जर धर्मशाला के प्रधान सुरेश तंवर ने की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर कैथल से कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला, अखिल भारतीय गुर्जर महासभा अध्यक्ष संजय छौकर, कुरुक्षेत्र गुर्जर धर्मशाला के प्रधान ऋषिपाल कसाना, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ढाँड तथा इनेलो से जिलाध्यक्ष अनिल तंवर मौजूद रहे। मंच संचालन मोहित राठी द्वारा किया गया। समारोह के दौरान गुर्जर धर्मशाला कमेटी व गुर्जर समाज के साथियों ने मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह और शाल भेंट करके उनका स्वागत किया। पूरा कार्यक्रम प्रेम, एकता और भाईचारे के माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रणदीप सुरजेवाला का आभार और विकास कार्य
धर्मशाला प्रधान सुरेश तंवर, ऋषिपाल कसाना, संजय छौकर, रामचंद्र गुर्जर ढांड एवं अनिल तंवर ने गुर्जर धर्मशाला की नींव रखने तथा अनुदान देने के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला का आभार व्यक्त किया। गुर्जर धर्मशाला प्रधान सुरेश तंवर ने कहा कि रणदीप सिंह सुरजेवाला ने धर्मशाला के रूप में एक पौधे का निर्माण किया था। आज उनकी दूरगामी सोच के कारण यह एक भव्य भवन बनकर वट वृक्ष का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और 36 बिरादरी को साथ लेकर चलने वाले सुरजेवाला ने कैथल में सभी बिरादरियों को धर्मशालाएं दी हैं। उन्होंने जिले को विकास कार्यों में नंबर वन बनाकर देश में सुनहरे अक्षरों में अपना नाम अंकित किया है। विशिष्ट अतिथि कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि सुरजेवाला परिवार ने हमेशा 36 बिरादरी को साथ लेकर कैथल को विकास की सुनहरी तस्वीर दी है। उन्होंने कहा कि चाहे हम विपक्ष में हों, लेकिन 36 बिरादरी के विकास कार्यों में कभी कोई कमी नहीं आने देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि किसान, मजदूर और गरीब की कोई जाति नहीं होती है। हमारी प्राथमिकता इन वर्गों को साथ लेकर चलना और उनकी तरक्की के लिए कार्य करना है। मुझे विधायक बनाने में कैथल की 36 बिरादरी का पूरा साथ मिला है और मैं उनकी सेवा के लिए सदैव तत्पर रहूंगा।

काम की जात नहीं, जात का काम नहीं
मुख्य अतिथि रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सभा में मौजूद सभी साथियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि आज गुर्जर धर्मशाला में समाज मिलन समारोह में सबने मिलकर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संकल्प लिया है। उन्होंने अपना पुराना नारा दोहराते हुए कहा कि काम की जात नहीं, जात का काम नहीं होता है। इसका अर्थ यह है कि काम करने वाले व्यक्ति की कोई जाति नहीं होती है और जाति-पात का विभाजन करने वाला व्यक्ति कभी भी इलाके और प्रांत का काम नहीं कर सकता है। सुरजेवाला ने हरियाणा में युवाओं को रोजगार देने, किसानों की खेती को बढ़ाने तथा दादूपुर नलवी नहर से वॉटर रिचार्ज बॉडी के जरिए दक्षिणी हरियाणा तक पानी पहुंचाने पर जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने हरियाणा में बिजली उत्पादन बढ़ाने की जरूरत पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब भी मौका मिलेगा, हम इन सभी कामों को करके दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा को आज न तो चुटकुले सुनाने वाली सरकार चाहिए और न ही कॉमेडी शो वाले मुख्यमंत्री की आवश्यकता है। प्रदेश को जात-पात से ऊपर उठकर युवाओं, गरीबों, किसानों और छोटे दुकानदारों का दर्द समझने वाली सरकार चाहिए।
फसल बीमा योजना पर तीखा हमला
सांसद रणदीप सुरजेवाला ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में यह योजना किसानों के साथ धोखाधड़ी का औजार बन गई है। किसानों से प्रीमियम का पैसा समय पर वसूल लिया जाता है। लेकिन जब फसल का नुकसान होता है, तो या तो क्लेम मिलता ही नहीं है या फिर इतनी मामूली राशि दी जाती है जो किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा लगता है। जलभराव, बाढ़ या अन्य किसी भी प्रकार के नुकसान में भी किसानों को क्लेम नहीं मिल पाता है। बीमा कंपनियां तरह-तरह की तकनीकी खामियों का हवाला देकर क्लेम देने से साफ इनकार कर देती हैं। सर्वे करने वाली टीम भी समय पर खेतों में नहीं पहुंचती है। पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के बावजूद किसानों की समस्या का कोई समाधान नहीं होता है। पहले आग लगने से फसल के नुकसान पर भी क्लेम मिल जाता था, लेकिन अब उसे भी इस योजना से बाहर कर दिया गया है।
फसल बीमा के चौंकाने वाले आंकड़े
सुरजेवाला ने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि रोहतक जिले में साल 2022 के दौरान खरीफ फसल का बीमा क्षेत्र 11.57 हजार हेक्टेयर था। यह क्षेत्र घटकर साल 2026 में मात्र 2.17 हजार हेक्टेयर ही रह गया है। पूरे हरियाणा प्रदेश की बात करें तो साल 2022 से 2026 के बीच बीमा कराने वाले किसानों की कुल संख्या 5.27 लाख से घटकर केवल 1.09 लाख रह गई है। इसके साथ ही बीमा क्षेत्र भी 812.30 हजार हेक्टेयर से घटकर 174.93 हजार हेक्टेयर पर आ गया है। साल 2025 की तुलना में साल 2026 में करीब 70 प्रतिशत किसानों ने इस बीमा योजना से पूरी तरह दूरी बना ली है। आज स्थिति यह है कि अधिकांश बीमा केवल उन्हीं किसानों का हो रहा है, जिन्होंने बैंक से लोन लिया है और जिनके लिए बीमा कराना पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है।
बेरोजगारी और महंगे पानी बिल पर बीजेपी को घेरा
रणदीप सुरजेवाला ने नीति आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश में 15 से 29 वर्ष की आयु के 8.7 करोड़ युवा ऐसे हैं जो न तो पढ़ाई कर रहे हैं, न ही नौकरी कर रहे हैं और न ही किसी प्रकार की स्किल ट्रेनिंग ले रहे हैं। देश में केवल 8.25 प्रतिशत स्नातकों को ही उनकी योग्यता के अनुसार सही काम मिल पा रहा है। स्किल इंडिया के नाम पर सरकार द्वारा अरबों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन आज स्थिति यह है कि युवाओं के पास ट्रेनिंग के लिए पैसे तक नहीं बचे हैं। सुरजेवाला ने आगे कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, खेती की लागत बढ़ रही है और एमएसपी पर किसानों के साथ धोखा हो रहा है। इन सबके बीच अब पानी का बिल भी आम जनता पर एक भारी बोझ बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का शासन काल पूरी तरह से लूट, धोखे और अत्याचार की गारंटी बनकर रह गया है। इस समारोह में गुर्जर धर्मशाला के पूर्व प्रधान ज्ञान चंद एडवोकेट, पूर्व प्रधान बलवीर तंवर, रणबीर सरपंच क्योडक, जिला परिषद पूर्व चेयरमैन नाजर सिंह दयोहरा, उपप्रधान शेर सिंह कठवाड़, सचिव एडवोकेट सतीश धौंस, कोषाध्यक्ष प्रदीप भट्टी, जसबीर सिंह रायवाली खेड़ी, जसबीर एंचला, रोशन हवलदार, राजेंद्र तंवर, नीटू तंवर, राकेश तंवर, करनैल दीवाल, विक्रम एडवोकेट ड्योढ़खेड़ी, अनिल गुर्जर बलवंती, बंता राठी, ब्लॉक समिति के पूर्व मेंबर नाजर सिंह, ब्लॉक समिति के पूर्व मेंबर कुशलपाल गुर्जर कठवाड़, जाट धर्मशाला प्रधान रोशन पाडला, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन ज़िलाध्यक्ष कर्मबीर शर्मा खुराना, कांग्रेस के शहरी ब्लॉक अध्यक्ष रामनिवास मित्तल, ग्रामीण अध्यक्ष कुलदीप दिल्लोंवाली, मदन तंवर सांपनखेड़ी, शमशेर आढ़ती, मास्टर राजकुमार जसवंती, यशपाल जसवंती, राजपाल आर्य, संगम क्योडक, कुलदीप ड्योढ़खेड़ी, अनिल ड्योढ़खेड़ी, सुरेश समापनखेड़ी, श्याम लाल धौंस, डॉ पहलू, रोहताश धौंस, प्रेम ग्योंग, राजेश गुर्जर ग्योंग, साहब सिंह दयोहरा, पुष्पेंद्र क्योडक, प्रहलाद गुर्जर, सुखबीर कठवाड़, नरेन्द्र पहलवान क्योडक, डॉ सोमा, सेठपाल क्योडक, लाभ सिंह, सुभाष तंवर, प्यारा सरपंच, राहुल गुर्जर, गुरप्रीत डोहर, चरण सिंह डोहर, चांदी राम, राजपाल गुर्जर, सोहन गुर्जर सहित हजारों की संख्या में पहुंची भीड़ मौजूद रही।