संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर 15 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहे तीसरे चरण के आंदोलन के तहत तरावड़ी सब-यूनिट परिसर में बिजली कर्मचारियों ने गेट मीटिंग की। यह बैठक जे.ई. सूरजमल की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जबकि मंच संचालन सब-यूनिट सचिव आशुतोष राणा ने किया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार की कथित कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना रोष प्रदर्शन किया।
वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। तरावड़ी सब-यूनिट प्रधान ने सभी कर्मचारियों से आंदोलन में शत-प्रतिशत भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए संगठन की एकजुटता बनाए रखने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि संयुक्त मोर्चा लंबे समय से कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है और सरकार को इनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र समाधान करना चाहिए।
कर्मचारियों ने हरियाणा सरकार द्वारा बनाई गई 23वीं डिस्कॉम को तत्काल भंग करने, बिजली विभाग के निजीकरण की प्रक्रिया पर रोक लगाने तथा सभी कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की मांग उठाई। इसके साथ ही समान कार्य करने वाले कर्मचारियों को समान वेतन देने और कर्मचारियों व इंजीनियरों की लंबित मांगों का जल्द समाधान करने की भी मांग की गई। इस अवसर पर करनाल सर्किल सचिव महावीर जे.ई. विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा ए.एल.एम पुरुषोत्तम, ईश्वर, विशाल यू.डी.सी., चेतन, मुकेश एल.एम. सहित सब-यूनिट के अनेक कर्मचारियों ने गेट मीटिंग में भाग लेकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया।