तरावड़ी के श्री हंस राइस एंड जनरल मिल्स में हुआ विशाल सद्भावना सम्मेलन, उमड़ा भारी जनसैलाब

श्री हंस राइस एंड जनरल मिल्स में आयोजित विशाल सद्भावना सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब
मानव उत्थान सेवा समिति से जुड़े महात्माओं ने प्रवचनों से श्रद्धालुओं को कराया आध्यात्मिक अनुभूति का रसपान
रोहित लामसर /01 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
तरावड़ी में मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से श्री हंस राइस एण्ड जनरल मिल्स में विशाल सद्भावना सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में तरावड़ी सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और करीब तीन घंटे तक चले सत्संग समारोह में भक्ति, सद्भावना एवं मानव सेवा का संदेश ग्रहण किया। देर रात तक पूरा परिसर सत्संग और भक्ति के वातावरण से सराबोर रहा।
सत्संग समारोह में सद्गुरुदेव श्री सतपाल जी महाराज के परम शिष्य महात्मा सत्यबोधनंद जी, महात्मा अंतर्मुखी बाई जी एवं महात्मा सुभद्रा बाई जी ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान एवं सत्संग का महत्व समझाते हुए अपने-अपने विचार रखे। महात्माओं ने कहा कि मनुष्य का वास्तविक उत्थान केवल भौतिक सुख-सुविधाओं से नहीं, बल्कि आत्मज्ञान, सद्भावना, सेवा और प्रभु भक्ति से संभव है। जब मनुष्य अपने भीतर की चेतना को पहचानता है तो उसके जीवन में सकारात्मकता, शांति और प्रेम का संचार होता है। महात्मा सत्यबोधानंद जी ने कहा कि मानव जीवन अत्यंत अनमोल है और इसका उद्देश्य केवल सांसारिक उपलब्धियां हासिल करना नहीं है।
सद्गुरु के मार्गदर्शन में आत्मज्ञान प्राप्त कर मानव अपने जीवन को सार्थक बना सकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भावना के साथ जीवन जीने का संदेश दिया। महात्मा अंतर्मुखी बाई जी ने कहा कि सच्ची भक्ति वही है, जो मनुष्य के व्यवहार में प्रेम और सेवा के रूप में दिखाई दे। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
मानव सेवा, परोपकार और सद्भावना के मार्ग पर चलकर समाज को बेहतर बनाया जा सकता है। महात्मा सुभद्रा बाई जी ने अपने प्रवचन में कहा कि भागदौड़ भरे जीवन में मनुष्य को कुछ समय आत्मचिंतन और सत्संग के लिए अवश्य निकालना चाहिए। सत्संग मन को शांति देता है और जीवन को सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को गुरु के बताए मार्ग पर चलने तथा प्रेम, करुणा और सद्भावना को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। मानव उत्थान सेवा समिति के जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस विशाल सद्भावना सम्मेलन में श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं।
दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए बैठने, भंडारे, भोजन एवं प्रसाद की बेहतर व्यवस्था रही। आयोजन स्थल पर देर रात तक श्रद्धालु सत्संग का आनंद लेते रहे और महात्माओं के प्रवचनों से आध्यात्मिक ज्ञान अर्जित किया। प्रदीप गुप्ता ने कहा कि सद्भावना सम्मेलन का उद्देश्य समाज में प्रेम, भाईचारे, मानवता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि संतों का सान्निध्य और सत्संग मनुष्य के जीवन को नई दिशा देने का कार्य करता है।
ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों को सेवा एवं सद्भावना के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। सम्मेलन के दौरान सद्गुरुदेव श्री सतपाल जी महाराज के परम शिष्यों का सम्मान भी किया गया। अंत में आरती का आयोजन हुआ, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं ने भंडारे में भोजन एवं प्रसाद ग्रहण किया। समापन अवसर पर श्री हंस राइस एण्ड जनरल मिल्स के सीएमडी प्रदीप गुप्ता एवं अरमान गुप्ता ने सम्मेलन में पहुंचे सभी गणमान्य व्यक्तियों, अतिथियों, संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की भारी सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया और भविष्य में भी समाज में आध्यात्मिकता, सेवा एवं सद्भावना को बढ़ावा देने वाले आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। इस अवसर पर उद्योगपत्ति प्रदीप गुप्ता, उद्योगपत्ति अरमान गुप्ता, सुशील गर्ग, सचिन गर्ग, पवन गर्ग, मोहित गर्ग, नरेश गर्ग, रामसिंह दुआ, राज बंसल, मुकेश गर्ग, विजय सिंगला, सुरेंद्र काम्बोज, अनिल सिंगला, मंडी प्रधान सुभाष गुप्ता, पूर्व प्रधान शीशपाल गुप्ता, गौशाला राकेश गर्ग, नगरपालिका चेयरमैन वीरेंद्र बंसल, सुल्तान सोहलो, रजनी गुप्ता, मधु गुप्ता, ममता गोयल, सीमा समेत काफी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे