तरावड़ी के श्री ब्रह्मर्षि विद्या मंदिर में हरियाली तीज और स्वतंत्रता दिवस पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम

तीज की मस्ती और देशभक्ति के रंग में रंगा श्री ब्रह्मर्षि विद्या मंदिर
सावन के गीतों से गूंजा विद्यालय परिसर, विद्यार्थियों ने दी शानदार सांस्कृतिक व देशभक्ति प्रस्तुतियां
रोहित लामसर /तरावड़ी /16 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
श्री ब्रह्मर्षि विद्या मंदिर कॉन्वेंट तरावड़ी में हरियाली तीज एवं स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जहां सावन की हरियाली और हरियाणवी लोक संस्कृति की मनमोहक छटा देखने को मिली, वहीं विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इसके बाद विद्यार्थियों ने हरियाली तीज की पारंपरिक संस्कृति को जीवंत करते हुए लोकगीत, हरियाणवी लोकनृत्य, नृत्य-नाटिका एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कीं। पारंपरिक परिधानों में सजी छात्राओं ने तीज की खूबसूरत झलक प्रस्तुत की।
झूले, सावन के गीत और हरियाणवी संस्कृति की रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। वहीं, स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, कविताओं, भाषणों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, एकता, भाईचारे और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का संदेश दिया।
विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. राकेश शर्मा एवं उप-प्रधानाचार्य रवि शर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें देशभक्ति, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय चेतना की भावना भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को हरियाली तीज एवं स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में शानदार प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया। श्री ब्रह्मर्षि विद्या मंदिर का पूरा परिसर इस दौरान सावन की हरियाली, हरियाणवी संस्कृति और देशभक्ति के खूबसूरत संगम से सराबोर नजर आया।