तरावड़ी के शामगढ़ गांव में सरपंच गुल ढिल्लों के प्रयासों से महिलाओं को मिल रहा सिलाई-कढ़ाई का रोजगार

तरावड़ी के शामगढ़ गांव में सरपंच गुल ढिल्लों के प्रयासों से महिलाओं को मिल रहा सिलाई-कढ़ाई का रोजगार

तरावड़ी क्षेत्र से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। ग्राम पंचायत शामगढ़ की सरपंच गुल ढिल्लों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करने के लगातार प्रयास कर रही हैं। पंचायत की ओर से गांव में संचालित सिलाई केंद्र महिलाओं के लिए रोजगार और हुनर सीखने का बेहतर माध्यम बनकर उभर रहा है। यहाँ वर्तमान में 26 महिलाएं सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण ले रही हैं, जबकि प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी कई महिलाएं अपना रोजगार भी शुरू कर चुकी हैं। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत शामगढ़ की ओर से सिलाई केंद्र में प्रशिक्षण लेने वाली महिलाओं के लिए 10 सिलाई मशीनें उपलब्ध करवाई गईं। पंचायत का उद्देश्य यह है कि महिलाएं केवल सिलाई सीखने तक सीमित न रहें, बल्कि इस हुनर को रोजगार का साधन बनाकर आर्थिक रूप से मजबूत बनें।

प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में सीख रही हैं सिलाई की बारीकियां

सिलाई केंद्र में महिलाओं को प्रशिक्षण देने के लिए ग्राम पंचायत की ओर से साहब कौर सैनी को प्रशिक्षक के तौर पर नियुक्त किया गया है। उनके मार्गदर्शन में महिलाएं सिलाई-कढ़ाई की बारीकियां सीख रही हैं। प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरा करने वाली महिलाओं को ग्राम पंचायत की ओर से प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाता है, जिससे उन्हें आगे रोजगार शुरू करने में मदद मिल सके। प्रशिक्षण लेने वाली महिलाओं में सजना, मनीषा, पूजा, रूपाली, संध्या, मानसी, तानिया, रितिका, वंदना, दीपिका, सुमन, सुनैना, सिया, पारिका, खुशी, प्रियंका, प्रिया, कांता, वंदना, स्नेह, पूनम, तुलसी, पायल, मनीषा, प्रियंका सहित अन्य महिलाएं शामिल हैं।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

बदहाल भवन को बनाया महिलाओं के हुनर का केंद्र

गांव का पंचायत घर भी सरपंच गुल ढिल्लों के प्रयासों का एक बड़ा उदाहरण है। 1 जनवरी 2025 को पंचायत घर का उद्घाटन किया गया था। इससे पहले यह भवन बेहद खराब हालत में था और कभी पटवारखाने के रूप में इस्तेमाल होता था। भवन पर कब्जा भी हो गया था, जिसे पंचायत के प्रयासों से खाली करवाकर इसका जीर्णोद्धार कराया गया और आज यही स्थान ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रशिक्षण एवं विकास का केंद्र बन रहा है।

सरपंच गुल ढिल्लों का महिलाओं की आत्मनिर्भरता पर संदेश

सरपंच गुल ढिल्लों का कहना है कि गांव की महिलाओं में हुनर की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही मंच और सुविधाएं उपलब्ध करवाने की है। पंचायत का प्रयास है कि अधिक से अधिक महिलाएं सिलाई-कढ़ाई जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनें। महिलाएं सिलाई-कढ़ाई सीखकर अपने परिवार की आर्थिक मजबूती में योगदान दे रही हैं।

Share:

Comments

Leave a comment