तरावड़ी में 5 से 11 सितंबर तक होगी श्रीमद्भागवत कथा, उद्योगपति अमन गुप्ता ने सीएम नायब सैनी को दिया निमंत्रण

तरावड़ी में आगामी 5 से 11 सितंबर तक नई अनाज मंडी में भव्य श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। देश के सुप्रसिद्ध एवं विश्व विख्यात कथावाचक अनिरुद्ध आचार्य जी महाराज के सान्निध्य में यह कथा होगी। कथा के आयोजन को लेकर शहर व आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं में उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
शिव शक्ति इंटर ग्लोब एक्सपोर्ट प्रा. लि. के मैनेजिंग डायरेक्टर अमन गुप्ता ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को निमंत्रण दिया। इस अवसर पर नीलोखेड़ी हलके के विधायक भगवानदास कबीरपंथी तथा कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहे। उनसे भी मुलाकात कर उन्हें श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने का स्नेहपूर्ण निमंत्रण दिया गया।
कथा को लेकर तैयारियां जोरों पर
उद्योगपति अमन गुप्ता ने कहा कि तरावड़ी की धरती पर विश्व विख्यात कथावाचक अनिरुद्ध आचार्य जी महाराज के मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का होना सौभाग्य की बात है। यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं है। यह हजारों श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक संदेश देने वाला ऐतिहासिक आयोजन बनने जा रहा है।
कथा के शुभारंभ अवसर पर 5 सितंबर को 1100 से ज्यादा महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। नगर खेड़ा से नई अनाज मंडी तक निकलने वाली इस विशाल कलश यात्रा में मातृशक्ति, युवा वर्ग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। इसके बाद 5 से 11 सितंबर तक प्रतिदिन कथा का आयोजन होगा। इसमें हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम
आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। वातानुकूलित पंडाल, बेहतर बैठने की व्यवस्था, लंगर-प्रसाद, शुद्ध पेयजल, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था सहित कई इंतजाम किए जा रहे हैं। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अमन गुप्ता ने तरावड़ी सहित पूरे नीलोखेड़ी हलके के लोगों से आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि वे परिवार सहित इस भव्य आयोजन में पहुंचें। साथ ही श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करें। आयोजकों का प्रयास है कि कथा में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। यह आयोजन तरावड़ी के धार्मिक इतिहास में एक यादगार अध्याय बनेगा।