तरावड़ी में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आगाज, अनिरुद्ध आचार्य का मिला आशीर्वाद और निकली शोभायात्रा

तरावड़ी में सुप्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्ध आचार्य जी महाराज की श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हो गया है। शिव शक्ति इंटर ग्लोब एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के सीएमडी रमेश गुप्ता एवं अमन गुप्ता की ओर से इस कथा का आयोजन किया गया है। कथा के पहले दिन शनिवार को तरावड़ी में आस्था और भक्ति का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा शहर भक्तिमय हो उठा।
1100 कलशों और 151 निशानों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
तरावड़ी में 1100 महिलाओं के सिर पर सजे कलश और 151 धर्मध्वजाओं के साथ हजारों श्रद्धालुओं की विशाल शोभायात्रा निकाली गई। इस भव्य शोभायात्रा ने तरावड़ी की सड़कों को पूरी तरह से भक्ति के रंग में रंग दिया। नगर खेड़े से शुरू हुई यह ऐतिहासिक शोभायात्रा जहां से भी गुजरी, वहां श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी शोभायात्रा और गूंजे जयकारे
जैसे ही शोभायात्रा नगर खेड़े से रवाना हुई, हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़। गुरुद्वारा रोड, मेन बाजार, करनाली गेट और सौंकड़ा पुलिया सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं का भारी हुजूम दिखाई दिया। शोभायात्रा में राधे-राधे, जय श्री कृष्ण और भगवान के जयकारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। नई अनाज मंडी स्थित कथा स्थल पर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं का उत्साह और अधिक बढ़ गया।
20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे भंडारे की व्यवस्था
कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे भंडारा एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था, चिकित्सा शिविर, करीब छह एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पार्किंग, यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
गणमान्य लोगों ने की शिरकत
इस धार्मिक अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद, विधायक भगवानदास कबीरपंथी, नगरपालिका चेयरमैन वीरेंद्र बंसल, रमेश गुप्ता, अनुज गुप्ता, अमन गुप्ता और मंडी प्रधान सुभाष गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।