तरावड़ी में श्रीमद्भागवत कथा का दूसरा दिन: 15-16 हजार श्रद्धालुओं ने सुनी कथा,

तरावड़ी में उमड़ा आस्था का सैलाब,
15-16 हजार श्रद्धालुओं ने सुना श्रीमद्भागवत कथा का अमृत संदेश
द्वितीय दिवस पर पूज्य श्री अनिरुद्धाचार्य जी महाराज के मुखारविंद से धुंधकारी-गोकर्ण प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन, विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण व विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने की आरती
रोहित लामसर /06 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
तरावड़ी की पावन धरा रविवार को पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगी नजर आई। नई अनाज मंडी में भव्य श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया। कथा के द्वितीय दिवस आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि कथा पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। आयोजकों के अनुसार करीब 15 से 16 हजार श्रद्धालुओं ने कथा पंडाल में पहुंचकर भगवान श्रीहरि की दिव्य लीलाओं और कथा का श्रवण किया। चारों ओर राधे-राधे, जय श्रीकृष्ण और श्रीहरि के जयघोष गूंजते रहे।
द्वितीय दिवस कथा में पूज्य श्री अनिरुद्धाचार्य जी महाराज ने श्रीमद्भागवत महापुराण के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। महाराज जी ने श्रद्धालुओं को भक्ति, धर्म, संस्कार और सदाचार का संदेश दिया। महाराज जी ने धुंधकारी-गोकर्ण प्रसंग के माध्यम से समझाया कि मनुष्य के जीवन में उसके कर्म, संस्कार और संगति का गहरा प्रभाव पड़ता है। गलत संगति और विषय-विकार मनुष्य को पतन की ओर ले जाते हैं, जबकि ज्ञान, भक्ति और सदाचार उसे भगवान के चरणों तक पहुंचाते हैं।
कथा के दौरान श्री शुकदेव जी महाराज के आगमन और राजा परीक्षित जी के जिज्ञासापूर्ण प्रश्नों का भी सुंदर वर्णन किया गया। महाराज जी ने बताया कि श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक कथा नहीं, बल्कि मनुष्य को जीवन जीने की सही दिशा देने वाला दिव्य ग्रंथ है। भगवान की कथा का श्रवण मनुष्य के अंतःकरण को शुद्ध करता है और उसे धर्म एवं सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ाता है।
श्रीमद्भागवत कथा के द्वितीय दिवस हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण तथा नीलोखेड़ी विधायक भगवानदास कबीरपंथी भी कथा स्थल पर पहुंचे। दोनों ने कथा पंडाल में पहुंचकर पूज्य महाराज जी से आशीर्वाद लिया। दोनों ने भगवान की आरती में हिस्सा लेकर श्रद्धालुओं के साथ भक्ति भाव में शामिल हुए। दोनों जनप्रतिनिधियों के पहुंचने पर आयोजकों एवं श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण और विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने कथा आयोजन की भव्य व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति की सराहना की।

कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के प्रसंग आते ही श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। भजनों और जयघोषों के बीच पूरा कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूब गया। हजारों श्रद्धालुओं ने हाथ उठाकर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए तो पूरा तरावड़ी शहर मानो भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। कथा के द्वितीय दिवस उमड़ी भारी भीड़ ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
इस अवसर पर स्पीकर हरविंद्र कल्याण, विधायक भगवानदास कबीरपंथी, नगरपालिका चेयरमैन वीरेंद्र बंसल, रमेश गुप्ता, अनुज गुप्ता, अमन गुप्ता, नाथीराम गुप्ता, राकेश गुप्ता, पंकज गुप्ता, संजय गुप्ता, नरेश गुप्ता, नरेश बंसल, प्रमोद बंसल, कृष्ण चंद सिंगला, गौरव दिल्ली, आशीष दिल्ली, योगेश सहारनपुर, संजय यमुनानगर, संदीप मेरठ, अनुज गाजियाबाद, संतोष गुप्ता, शालू दिल्ली, शिखा गुप्ता, दीप्ती दिल्ली, मीनू, श्रुति सहारनपुर, रीना गाजियाबाद, अनिल गुप्ता, राजकुमार तायल, राहुल गुप्ता, तिलक राज मक्कड़, शीशपाल गुप्ता, राकेश गर्ग, मदन लाल सचदेवा, विनीत बंसल, रोशन लाल गुप्ता, रणदीप चौधरी, राजीव नारंग, राधेश्याम गर्ग, यश सलूजा, अमित रहेजा, विजय गोयल, नरेश गर्ग तथा मंडी प्रधान सुभाष गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।