राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में चमके एथलीड स्पोर्ट्स एकेडमी तरावड़ी के नन्हें सितारे
जशन ने सिल्वर मेडल जीतकर बढ़ाया गौरव, संचालक अनमोल ओर गरिमा ने दी बधाई
तरावड़ी, 13 मई (रोहित लामसर)।
छोटे शहरों से बड़े सपने निकलते हैं और जब उन सपनों को सही मार्गदर्शन मिल जाए तो बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपना परचम लहराने लगते हैं। ऐसा ही शानदार उदाहरण पेश किया है यूनिवर्सल स्कूल तरावड़ी में संचालित एथलीड स्पोर्ट्स अकैडमी के खिलाड़ियों ने, जिन्होंने राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर तरावड़ी ओर करनाल जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन कर दिया।
कुरुक्षेत्र के मेडिटेशन हॉल ब्रह्मसरोवर में आयोजित पहली राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप मे एथलीड स्पोर्ट्स अकैडमी तरावड़ी के खिलाड़ियों ने दमदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन ताइक्वांडो स्पोर्ट्स एसोसिएशन हरियाणा द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में अकादमी की ओर से कुल 12 बच्चों ने भाग लिया, जिनमें से यूनिवर्सल किड्स केयर के 4 बच्चों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। जशन ने सिल्वर मेडल जीतकर एकेडमी का गौरव बढ़ाया, जबकि यशप्रीत, दृश्यम एवं जुहित ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
बच्चों की इस उपलब्धि से स्कूल, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस सफलता के पीछे कोच विनोद एवं तनु की मेहनत और समर्पण का बड़ा योगदान रहा। दोनों प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को नियमित रूप से ताइक्वांडो एवं सेल्फ डिफेंस की विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और फिटनेस लगातार बढ़ रही है।
वहीं अकादमी के संचालक अनमोल एवं गरिमा भी बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर सहयोग कर रहे हैं। अकादमी प्रबंधन ने बताया कि आज के समय में बच्चों को मोबाइल फोन और टीवी की दुनिया से निकालकर खेलों की ओर प्रेरित करना बेहद जरूरी है। खेल केवल शरीर को फिट नहीं रखते, बल्कि बच्चों को मानसिक रूप से मजबूत, अनुशासित और आत्मनिर्भर भी बनाते हैं।
इसी सोच के साथ एथलीड स्पोर्ट्स अकैडमी लगातार बच्चों को खेल, फिटनेस और सेल्फ डिफेंस के प्रति जागरूक करने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को सही उम्र में सही मार्गदर्शन और प्लेटफॉर्म मिले, तो छोटे शहरों के बच्चे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। एथलीड स्पोर्ट्स अकैडमी का उद्देश्य सिर्फ मेडल जिताना नहीं, बल्कि बच्चों को स्वस्थ, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।
Add A Comment


