टोहाना में गंदगी के खिलाफ रोष प्रदर्शन और फतेहाबाद में हत्या आरोपियों की पुलिस ने कराई परेड

टोहाना में गंदगी को लेकर जन आक्रोश, निकाला रोष प्रदर्शन
मुख्यमंत्री के नाम ईओ को सौंपा ज्ञापन, कहा जल्द हो युद्ध स्तर पर सफाई
टोहाना/ 26 अगस्त 2026 / अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
टोहाना क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बिगड़ती सफाई व्यवस्था एवं बदत्तर होते हालातों के खिलाफ हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के आह्वान पर शहर की अनेक संस्थाओं व आमजन ने प्रशासन व सरकार को चेताते हुए एक विशाल रोष प्रदर्शन किया है। टोहाना के लक्कड़ मार्केट में आर्य समाज मंदिर के पास आज प्रात: हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के अलावा अनेक सामाजिक संगठन व शहर के गणमान्य लोग एकजुट हुए थे। यहां से सभी ने बड़ी बाइक रैली निकालते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए लघु सचिवालय परिसर पहुंचे हैं। यहां सभी ने गंदगी के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया है तथा मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन ईओ दीपक कुमार को सौंपा है। जिसमें सभी टोहानावासियों की ओर से मांग उठाई गई है कि जल्द से जल्द हड़ताल को खत्म करवाकर टोहाना क्षेत्र में युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चलाया जाए, क्योंकि भयंकर गंदगी के कारण टोहाना के हालात दयनीय हो गए हैं।
टोहाना में सफाई व्यवस्था को लेकर व्यापार मंडल की चेतावनी
अगुवाई कर रहे प्रधान राजेंद्र ठकराल ने कहा है कि पिछले 3 सप्ताह से सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं, ऐसे में टोहाना क्षेत्र में चहुं ओर गंदगी के अम्बार लग गए हैं। हालांकि नगर परिषद प्रशासन ने गंदगी उठाने के प्रयास किए हैं, लेकिन वे नाकाफी साबित हो रहे हैं। इसलिए जल्द से जल्द सरकार को कोई रास्ता निकालना चाहिए और हड़ताल खत्म करवानी चाहिए। क्योंकि आम जन के साथ साथ व्यापारियों और दुकानदारों में भी गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। दुकानों के बाहर बाजारों में लगातार गंदगी बढ़ रही है। गर्मी, उमस और बरसात के बीच शहर में बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। सुबह शाम मच्छर मक्खियां भिनभिनाती रहती हैं। बेसहारा पशु भी गंदगी में विचरते रहते हैं। ऐसे हालात शर्मसार करने वाले भी हैं। इसलिए सरकार को तत्परता से कोई एक्शन लेना होगा। वरना आम जनता सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी। इस अवसर पर रमेश गोयल, जोनी मेहता, सचिन भाटिया, उदय राज खारा, मूल चंद बत्रा, पवन गिरधर, धर्मवीर ग्रेजुएट, राजू ठकराल, राम कुमार सैनी, राजेंद्र बल्ली, केएल अरोड़ा, दिनेश्वर खुराना, किटू पाहवा, सुरेश सेठी, ओम प्रकाश खुराना, अशोक भाटिया, रमेश मेहता, राजा कामरा, बलबीर शर्मा, संजय मेहता, संजय सपड़ा, गोबिंद भूटानी, विक्की ठकराल, अंकित मेहता, गौरव मेहता, पवन वधवा, प्रेम छाबड़ा, दयानंद धवन, राजेश वर्मा, मोहन मेहता, धर्मपाल मेहता, कृष्ण गोयल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे हैं।
फतेहाबाद में हत्या के आरोपियों की पुलिस ने कराई परेड
फतेहाबाद के गांव झलनिया में सोमवार देर रात हुई टाइल मिस्त्री महेंद्र की हत्या के मामले में फतेहाबाद पुलिस ने पकड़े गए पांचों आरोपियों की बुधवार को गांव में ले जाकर परेड करवाई है। उन्हें गांव की गलियों में पैदल घुमाया गया है। उनसे हत्या से पहले वे कहां बैठे और हत्या कहां की, सभी जगह की निशानदेही भी करवाई गई है। बता दें कि, हत्या के बाद मामले में नामजद आरोपी रामू द्वारा एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था और कहा गया था कि झलनिया वाला हत्याकांड उन्होंने किया है और जो भी इस मामले में गवाही देगा, उसके साथ भी यही किया जाएगा। इस वीडियो में कुछ अन्य युवक भी दिख रहे थे। इसी दहशत को खत्म करने के लिए पुलिस द्वारा आरोपियों की परेड कराने का कदम उठाया गया है।
घटना का विवरण और आरोपियों की गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, गांव झलनिया निवासी 40 वर्षीय महेंद्र टाइल लगाने का काम करता था। 24 अगस्त की रात करीब 9 बजे जब वह काम निपटाकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तब गांव में घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया था। आरोपियों ने महेंद्र पर लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया था। वारदात की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस और सीआईए की टीमों ने सीन ऑफ क्राइम टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए थे। मृतक के भाई बुधराम के बयानों के आधार पर पुलिस ने गांव के ही देवेंद्र, दर्शन सिंह, अजय, रामू और सतीश के खिलाफ केस दर्ज किया था। शिकायत में बताया गया था कि बीते होली के त्योहार पर महेंद्र का देवेंद्र के साथ विवाद हुआ था, जिसकी रंजिश रखते हुए इस वारदात को अंजाम दिया गया था।
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी अपलोड किया था, जिसमें उन्होंने झलनिया कांड करने की बात स्वीकारते हुए बीच में बोलने वालों को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। डीएसपी के अनुसार, एफआईआर में दर्ज शिकायत के साथ-साथ सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया गया, जिसमें नामजद आरोपियों के अलावा अन्य सह-आरोपियों की संलिप्तता भी उजागर हुई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य नामजद आरोपियों सहित वीडियो व साक्ष्यों के आधार पर पहचान किए गए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। काबू किए गए आरोपियों की पहचान रामू निवासी झलनिया, अजय निवासी झलनिया, रोहन निवासी भिरडाना, गौरव उर्फ गुरप्रीत निवासी माजरा और शंकर के रूप में हुई है। वारदात के बाद गांव में दहशत फैलाने और सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले आरोपियों का जुलूस निकालते हुए पुलिस उन्हें गांव झलनिया लेकर पहुंची थी। पुलिस की टीम ने आरोपियों को उसी स्थान पर पैदल घुमाया जहां उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था।
भारतीय किसान यूनियन ने किया धरनारत सफाई कर्मियों का समर्थन
पिछले करीब तीन सप्ताह से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मियों एवं फायर ब्रिगेड पर कार्यरत कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। भारतीय किसान यूनियन पगड़ी संभाल जट्टा ब्लॉक जाखल के प्रधान लाभ सिंह उदयपुर ने अपने साथियों के साथ नपा कार्यालय में धरने पर बैठे सफाई कर्मियों को अपना समर्थन दिया है। इस दौरान सफाई कर्मियों सहित किसानों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए नारेबाजी की है और सफाई कर्मियों को उनकी इस हड़ताल में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन भी दिया है। लाभ सिंह उदयपुर ने कहा है कि सरकार सफाई कर्मियों की मांगों को मानते हुए इनकी हड़ताल को समाप्त करवाए। त्योहारी सीजन है और जगह जगह पड़े गंदगी के ढेर जहां शहर की सुंदरता को बिगाड़ रहे हैं, वहीं इस गंदगी से बीमारियों के फैलने का खतरा भी लगातार बना हुआ है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि सरकार की नीतियां जन हितैषी नहीं हैं और सरकार ने हमेशा किसानों, व्यापारियों के साथ साथ सभी वर्गों के साथ धोखा किया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि इन हड़ताली कर्मियों की जायज मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।