टोहाना पुलिस की बड़ी सफलता: गुमशुदगी के मामले में हत्या का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
रेहड़ी चालक की हत्या कर शव नहर में फेंका; एसएचओ कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुलझाई गुत्थी
वैज्ञानिक साक्ष्यों, साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
टोहाना/13 मई /योगेश खनेजा
टोहाना पुलिस ने एक ब्लाईंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला गुमशुदगी का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता, वैज्ञानिक जांच और तकनीकी विश्लेषण के चलते यह मामला सुनियोजित हत्या का निकला ।
डीएसपी टोहाना जयभगवान ने जानकारी देते हुए बताया कि किला मोहल्ला, टोहाना निवासी सुनील कुमार ने दिनांक 23 अप्रैल 2026 को थाना शहर टोहाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका भाई राजेश कुमार (35) अपनी मोटरसाइकिल व रेहड़ी लेकर बाजार गया था, जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया।
शिकायत के आधार पर थाना शहर टोहाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(6) के तहत गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को राजेश कुमार का शव नहर से बरामद हुआ।
शव मिलने के बाद परिस्थितियों, उपलब्ध साक्ष्यों तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में हत्या संबंधी धाराएं जोड़ी गईं। डीएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने वैज्ञानिक जांच, साइबर सेल की तकनीकी सहायता तथा मुखबिर तंत्र से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर मामले की गहनता से जांच की।
जांच में सामने आया कि आरोपी विक्रम ने करीब दो लाख रुपये लेकर बिहार से राजेश कुमार की शादी करवाई थी। शादी के बाद राजेश अपनी वैवाहिक जिंदगी से खुश नहीं था तथा उसकी पत्नी के साथ अक्सर झगड़े होते रहते थे। इसी रंजिश और आपसी विवाद के चलते आरोपियों ने मिलकर राजेश कुमार की हत्या की साजिश रची।
हत्या करने के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की वारदात में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी पहचान राजेश उर्फ गौरव पुत्र राजेंद्र, निवासी सैनी मोहल्ला, टोहाना, विक्रम पुत्र सोहना लाल, निवासी मातावाली जोहड़ी, टोहाना, अमन उर्फ अमनी पुत्र शमशेर सिंह, निवासी किला मोहल्ला, टोहाना के रूप में हुई।
डीएसपी जयभगवान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार व अन्य सामान की बरामदगी की जा सके। पुलिस आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर रिमांड हासिल करेगी,
ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच की जा सके। फतेहाबाद पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से एक बार फिर यह स्पष्ट हुआ है कि जिले में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है तथा किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
Add A Comment


