तोशाम के आदर्श विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज पर हिंदी भाषण प्रतियोगिता में छात्रा साक्षी ने मारी बाजी

तोशाम के आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज के अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कविता, भाषण और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। तीज के अवसर पर रंगारंग हरियाणवी डांस और स्वतंत्रता दिवस के पूर्व दिवस पर हिंदी भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। बच्चों ने इसमें देशभक्ति से सराबोर अपनी भावनाएं प्रस्तुत कीं और बलिदानी देशभक्तों को याद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ और तिरंगा फहराना
कार्यक्रम का आरंभ संस्था के चेयरमैन जगदीश चंद्र मालवाल ने तिरंगा फहराकर किया। बच्चों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए शानदार परेड प्रस्तुत की।
हिंदी भाषण प्रतियोगिता के विजेता
हिंदी भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर साक्षी (कक्षा 11वीं नॉन मेडिकल) रहीं। इस प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान वंशिका (कक्षा 10वीं ए) को मिला। तृतीय स्थान पर नंदिनी (कक्षा 10वीं ए) रहीं।
इस मौके पर अध्यक्ष ने बच्चों को आजादी का महत्व बताते हुए शहीदों के बलिदान की महिमा बताई और उन्हें प्रोत्साहित किया। प्राचार्य भारत भूषण शर्मा ने बच्चों को तीज के त्योहार और स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इस मौके पर निदेशक योगेंद्र मालवाल, सरिता मालवाल व समस्त अध्यापकगण उपस्थित रहे।