तोशाम में सोमवार को हुई बारिश के बाद हालात काफी खराब हो गए और पूरा बाजार झील में तब्दील हो गया। सोमवार को तोशाम में हुई बारिश के पश्चात तोशाम बाजार झील में तब्दील हो गया। इस दौरान कस्बे में अनेक जगहों पर 3 से 4 फीट तक बरसाती पानी जमा हो गया।
कस्बे के बस स्टैंड के सामने वाली गली, गुरुद्वारा मार्ग, डाकखाना मार्ग, विजेता मार्केट, राजीव नगर, पुराना थाना चौक, आरएससीआईटी कंप्यूटर इंस्टिट्यूट वाली गली, पुराना बस स्टैंड, पुराना सिविल अस्पताल मार्ग आदि सहित विभिन्न जगहों पर बरसाती पानी एकत्रित हो गया। जिससे कस्बे के विभिन्न मार्ग झील में तब्दील हो गए और पानी ही पानी नजर आने लगा।
दुपहिया वाहन चालको सहित अन्य वाहन चालकों तथा राहगीरों व दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे हालातो में अनेक दुकानदार हाथ पर हाथ रखकर अपनी दुकानों के अंदर बैठे नजर आए वहीं दुपहिया वाहन चालको सहित अन्य वाहन चालकों व राहगीरों को बरसाती पानी की वजह से अनेक तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बस स्टैंड के नजदीक तो बरसाती पानी सड़क पर भी एकत्रित हो गया जिससे सड़क सहित सड़क के दोनों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा था और राहगीर तथा वाहन चालक इस बरसाती पानी से जदोजहद करके गुजर रहे थे। कई फीट तक बरसाती पानी भरा होने की वजह से कई जगह तो दोपहिया वाहन चालक भी अपने वाहनों को बरसाती पानी में फंसा होने के कारण परेशानी में दिखाई दिए और काफी मशक्कत के बाद बरसाती पानी से अपने वाहनों को निकाल पाए।
ऐसे में तोशाम में सरकार के विकास के दावों तथा बरसाती पानी निकासी के प्रबंधों की पोल एक बार फिर खुलती नजर आई।