বিশ্ব बंधुत्व दिवस पर तोशाम में रक्तदान शिविर संपन्न, 40 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान

विश्व बंधुत्व दिवस के पावन अवसर पर तोशाम की स्थानीय पंजाबी धर्मशाला में एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर मंगलवार को ब्रह्माकुमारीज के समाज सेवा प्रभाग और नागरिक अस्पताल तोशाम के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हुआ। सुबह से दोपहर तक चले इस शिविर में युवाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसमें कुल 40 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ और अतिथियों का स्वागत
इससे पहले रक्तदान शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपमंडल अधिकारी तोशाम संदीप कुमार तथा विशिष्ट अतिथि उप-पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया। कार्यक्रम में पहुँचे अतिथियों का बीके रोशनी ने बैज लगाकर आत्मीय स्वागत किया। संस्था की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। एसडीएम संदीप कुमार और डीएसपी दलीप सिंह ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए सभी को विश्व बंधुत्व दिवस की बधाई दी।
रक्तवीर सेल्फी पॉइंट और सम्मान समारोह
इस मौके पर शिविर स्थल पर बनाया गया 'रक्तवीर सेल्फी पॉइंट' युवाओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को संस्था एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर तोशाम क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति राजेंद्र कुमार जैन, आत्म प्रकाश, विनोद, जगदीश, सूरजभान, मोहनलाल राजवढा, महेंद्र और कृष्ण महता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
ब्रह्माकुमारीज की भूमिका और आभार प्रदर्शन
इस मौके पर ब्रह्माकुमारीज तोशाम शाखा प्रभारी बीके मंजू ने कहा कि रक्तदान मानवता, आपसी भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का जीवंत प्रमाण है। शिविर में रक्तदाताओं के पंजीकरण में कमलेश और बिमला दलाल ने सराहनीय सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में नागरिक अस्पताल की मेडिकल टीम से डॉ. व स्वास्थ्य कर्मियों सहित व्यवस्था में जुटे तोशाम सेवाकेंद्र के सभी सेवाधारियों का विशेष धन्यवाद व आभार व्यक्त किया गया।