तोशाम के बुशान स्टेडियम के एथलीटों ने राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जीते 10 पदक

चौ. खेमचन्द स्टेडियम बुशान के एथलीटों ने राज्य स्तर पर जीते 10 पदक
विष्णु दत्त शास्त्री /तोशाम /31अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
करनाल के कर्ण स्टेडियम में आयोजित 11वीं हरियाणा राज्य ओपन जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बाबा भैरूनाथ स्पोर्ट्स एसोसिएशन चौ. खेमचन्द स्टेडियम बुशान के एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया है। ग्राम पंचायत बुशान की एथलेटिक्स नर्सरी के एथलीटों ने कुल 10 पदक जीतकर इलाके का नाम रोशन किया है।
उत्तराखंड के देहरादून में होगी अगली प्रतियोगिता
कोच व स्टेडियम इंचार्ज पूर्व डीएसओ जयसिंह कालीरामन ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि ये सभी विजेता एथलीट 14 से 16 सितंबर तक देहरादून में आयोजित होने वाली नॉर्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
सिंथेटिक ट्रैक पर अभ्यास से मिले बेहतर परिणाम
जयसिंह ने बताया कि भिवानी-महेन्द्रगढ़ से सांसद धर्मबीर सिंह के सहयोग से आर.के सिंह शिव नरेश सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण किया गया है। इसी सिंथेटिक ट्रैक पर अभ्यास करने के कारण खिलाड़ियों ने इतने सारे मेडल जीते हैं क्योंकि आजकल एथलेटिक्स की सभी प्रतियोगिताएं सिंथेटिक ट्रैक पर ही करवाई जाती हैं।
विजेता खिलाड़ियों का हुआ भव्य स्वागत
स्टेडियम में पहुंचने पर मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। डेरा बुसान के महंत बाबा पूर्णनाथ ने खिलाड़ियों को मेडल व माला पहनाकर आशीर्वाद दिया और बुशान के सरपंच मेहरचन्द ने सभी बच्चों को बधाई दी।
विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
20 आयु वर्ग की लड़कियों में सीमा बुसान ने 100 मीटर हर्डल व हैपठाथलान में स्वर्ण पदक जीता। साक्षी ने इसी वर्ग में हैपठाथलान में कांस्य पदक हासिल किया। 18 आयु वर्ग में लंबी कूद में सुमित ने स्वर्ण पदक जीता तथा भूमिका ने हैपठाथलान में कांस्य पदक प्राप्त किया। 16 आयु वर्ग में रवि ईशरवाल ने पेन्ठाथलान में स्वर्ण पदक जीता। मुस्कान ने उंची कूद में स्वर्ण पदक और दिव्या ने रजत पदक अपने नाम किया। दिक्षा ने पैन्ठाथलान में कांस्य पदक जीता और अंकित कतवार ने गोला फेंक प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया। इस अवसर पर पवन बुशान, धर्मसिंह फौजी संडवा समेत अनेक ग्रामीणों और खिलाड़ियों ने सभी विजेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।