तोशाम में पुलिस की पाठशाला अभियान के तहत विद्यार्थियों को दी गई साइबर सुरक्षा की जानकारी

सर्व कल्याण मंच द्वारा पुलिस की पाठशाला अभियान के तहत विधार्थियों को किया जागरूक
साइबर सुरक्षा के प्रति विधार्थियों को किया जागरूक
विष्णु /तोशाम /9 सितम्बर2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
सर्व कल्याण मंच हरियाणा द्वारा पुलिस की पाठशाला अभियान के तहत बुधवार को तोशाम में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंच के अध्यक्ष नवीन कौशिक के कुशल मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम होलीफेथ इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल कतवार और आरएस बाल मंदिर स्कूल ईशरवाल में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना था।
साइबर अपराध और बचाव पर मुख्य वक्ता के रूप में विष्णु कुमार रहे मौजूद
कार्यक्रम में थाना साइबर क्राइम पुलिस से विष्णु कुमार अपनी टीम के साथ मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रधान दलबीर सिंह, नरेंद्र तक्षक, संदीप गौड़, मास्टर सुंदर सुथार, प्राचार्य रविन्द्र कुमार, मुकेश श्योराण, प्राचार्य प्रदीप कुमार, उप प्राचार्य विजेन्द्र, पुष्पा श्योराण, मुकेश श्योराण, सोमबीर महला, मास्टर मोहन, जोगेन्दर, राहुल, प्रमिला और रीतु सहित समस्त अध्यापक गण मौजूद रहे।
ऑनलाइन और साइबर अपराधों के बारे में विद्यार्थियों को दी गई विस्तृत जानकारी
विष्णु कुमार ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में सामने आ रहे विभिन्न प्रकार के ऑनलाइन एवं साइबर अपराधों की पूरी जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को इन सभी अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय भी बताए। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली साइबर ठगी के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों द्वारा पुलिस, सीबीआई, ईडी, नारकोटिक्स विभाग अथवा अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर वीडियो कॉल के माध्यम से लोगों को डराया जाता है।
फर्जी निवेश, ट्रेडिंग और कस्टमर केयर के नाम पर ठगी से सावधान रहने की अपील
फर्जी निवेश एवं ट्रेडिंग के नाम पर ठगी की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अपराधियों द्वारा सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप एवं टेलीग्राम ग्रुप का इस्तेमाल किया जाता है। इसके माध्यम से शेयर मार्केट, ट्रेडिंग, आईपीओ एवं क्रिप्टोकरेंसी में कम समय में भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया जाता है। फर्जी कस्टमर केयर एवं हेल्पलाइन के नाम पर ठगी बारे बताया कि साइबर ठग इंटरनेट पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं।
ओटीपी और यूपीआई धोखाधड़ी से बचने के लिए तुरंत 1930 पर करें कॉल
ओटीपी, यूपीआई एवं स्क्रीन शेयरिंग के नाम पर ठगी की जानकारी देते हुए बताया गया कि साइबर अपराधी बैंक कर्मचारी या परिचित बनकर संपर्क करते हैं। वे ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम या डेबिट कार्ड विवरण और अन्य गोपनीय जानकारी मांग सकते हैं। साइबर अपराध होने पर तुरंत शिकायत करने की विस्तृत जानकारी दी गई। यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार हो जाता है, तो उसे घबराना नहीं चाहिए बल्कि तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करना चाहिए।