तोशाम में विधायक घनश्याम सर्राफ ने फहराया तिरंगा, वीरों की शहादत को किया नमन

तोशाम में विधायक घनश्याम सर्राफ ने फहराया तिरंगा, वीरों की शहादत को किया नमन

देश की आजादी में वीरों की शहादत को कभी नहीं भुलाया जा सकता : घनश्याम सर्राफ

विद्यायक घनश्याम सर्राफ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर तोशाम में ध्वजा रोहण कर ली परेड की सलामी

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राष्ट्रीय पर्व के रंगो में रंग दिया स्वतंत्रता दिवस समारोह

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, विरागंनाओं औऱ सामाजिक व प्रशासनिक क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले लोगों को किया सम्मानित

तोशाम /15 अगस्त 2026 /अटल हिन्द समाचार सहयोगी /विष्णु दत्त शास्त्री

भिवानी के विधायक एवं पूर्व मंत्री घनश्याम सर्राफ ने सुरेंद्र सिंह खेल परिसर में उपमंडल स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर तोशाम में ध्वजा रोहण कर परेड की स्लामी ली। वहीं स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राष्ट्रीय पर्व के रंगो में रंग दिया स्वतंत्रता दिवस समारोह। घनश्याम सर्राफ ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, विरागंनाओं औऱ सामाजिक व प्रशासनिक क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया औऱ सोमवार को स्कूलों की छुट्टी की घोषणा व मिठाई के लिए 50 हजार रूपये नकद दिए।

उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि आज हम सभी यहां 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर एकत्रित हुए हैं। इस गौरवपूर्ण अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि आज का दिन इसलिए भी विशेष है कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पावन पर्व भी मनाया जा रहा है। सभी माताओं, बहनों और बेटियों को हरियाली तीज की भी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति से जुड़ा यह पर्व हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन की समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है।

आज के इस पावन अवसर पर मैं भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। इन सेनानियों के त्याग और बलिदान से हमें आजादी मिली। महात्मा गांधी सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और तेजस्वी नेतृत्व ने अंतत: 1947 में देश को अंग्रेजी शासन से मुक्ति दिलाई।

140 करोड़ से अधिक भारतीयों ने विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति अपनी अटूट आस्था के बल पर भारत को विश्व के सबसे बड़े और सशक्त लोकतंत्र के रूप में स्थापित किया है। यह हमारी आठ दशकों की लोकतांत्रिक यात्रा है जिसने इस भारत देश को एक सशक्त, मजबूत, लोकतांत्रिक देश के रूप में स्थापित किया है।

हमारे संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के जिन मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी थी, वह नींव समय के साथ और मजबूत हुई है। आज  देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हमारे वीर सैनिकों को विशेष रूप से नमन करता हूं। विपरीत परिस्थितियों में भी वे तिरंगे की आन, बान और शान को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन सभी वीर जवानों को भी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। जब-जब भारत की अस्मिता को चुनौती दी गई है, हमारे सैनिकों ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया है।

घनश्याम सर्राफ ने कहा कि हरियाणा सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी जा रही है। पिछले लगभग 12 वर्षों में लगभग सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। यह केवल सरकारी सहायता नहीं, बल्कि राष्ट्र की ओर से अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।

हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। इतिहास के पन्ने इस बात के साक्षी हैं कि 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई थी। उस संघर्ष ने अंग्रेजी शासन की नींव को चुनौती दी और देशवासियों के मन में स्वतंत्रता की लौ को प्रज्वलित किया। इस गौरवपूर्ण इतिहास को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा अंबाला छावनी में स्थापित किया जा रहा भव्य शहीदी स्मारक अब निर्माण के अंतिम चरण में है। यह स्मारक हमारे वीरों के त्याग, संघर्ष और देशभक्ति का स्थायी प्रतीक बनेगा।

आज का भारत केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए भी विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत दुनिया की प्रमुख अर्थ व्यवस्थाओं में अपनी स्थिति लगातार मजबूत कर रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। हमारा लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी सोच के अनुरूप हम विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं।

हरियाणा आज देश की अर्थ व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राज्यों में शामिल है। राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद यानी जीएसडीपी वर्ष 2026-27 में लगभग 15.18 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 11 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। यह आर्थिक प्रगति कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र—तीनों के संतुलित विकास का परिणाम है। आज हरियाणा की अर्थव्यवस्था में सेवा क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है, साथ ही विनिर्माण और कृषि क्षेत्र भी प्रदेश की आर्थिक शक्ति के मजबूत आधार हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार का प्रयास है कि आर्थिक विकास के साथ-साथ निवेश बढ़े, नए उद्योग स्थापित हों, युवाओं को रोजगार मिले, किसानों की आय बढ़े और प्रदेश के हर क्षेत्र में आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित हो। हमने उद्योगों के लिए कारोबारी वातावरण को सरल बनाया है

हरियाणा के 2026-27 के बजट में भी औद्योगिक क्षेत्रों के पुनरोद्धार और रोजगार को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया है। पुराने औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने वाले उद्योगों को प्रोत्साहन देने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। हाल ही में सरकार ने एमएसएमई पॉलिसी को मंजूरी दी है, जिससे छोटे उद्योगों को न केवल ताकत मिलेगी बल्कि लोकल स्तर पर लोगों को रोजगार भी मिलेगा। इसी विकास यात्रा में आधुनिक परिवहन और हरित प्रौद्योगिकी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई का यह दिन जिला भिवानी वासियों के लिए एक गौरवमयी यादगार बना है कि जींद की धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  ने भिवानी के नव निर्मित पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ किया। इससे न केवल भिवानी जिलावासियों को बल्कि आसपास क्षेत्र के लोगों को बेहतर व आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।

 हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी पर करने की व्यवस्था की गई है। इनमें गेहूं, सरसों, सूरजमुखी, मसूर, धान, ज्वार, बाजरा, गन्ना, कपास और चना सहित अन्य फसलें शामिल हैं। किसानों के हितों की बात करें तो सरकार द्वारा जिला भिवानी में किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक एक लाख 19 हजार 70 किसानों के खातों में 23 किश्तों के माध्यम से 570 करोड़ रुपए से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है।

विद्यायक ने कहा कि हमारी बेटियां और महिलाएं भी हरियाणा की प्रगति की मजबूत आधारशिला हैं। हरियाणा की बेटियों ने शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हमारी सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास में सक्रिय भागीदार बनाया जाए। सरकार द्वारा लाडो लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये की राशि दी जा रही है।

जिला भिवानी में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 54000 पात्र महिलाओं को लाभ मिल रहा है। आगामी समय में महिलाओं की और अधिक भागीदारी के लिए परिवार की आय सीमा में छूट बढ़ाई जाएगी। उज्जवला योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में रसोई गैस का सिलेंडर दिया जा रहा है, जिसमें जिला भिवानी में उज्जवला योजना के तहत फिलहाल 91 हजार 615 गरीब परिवारों की महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं। गरीब परिवारों का सफर आसान करने के लिए प्रदेश में लागू की गई हैप्पी कार्ड योजना के तहत जिला भिवानी में एक लाख 71 हजार 775 लोगों ने योजना का लाभ उठाकर एक-एक हजार कि.मी. की यात्रा मुफ्त में तय कर ली है।

इसी प्रकार, हमारे युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। आज के युवा ही वर्ष 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की यात्रा का नेतृत्व करेंगे। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम युवाशक्ति विकसित भारत-2047 की यात्रा का नेतृत्व युवाओं की इसी भूमिका को रेखांकित करती है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी के साथ-साथ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मात्रम’ के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर भी हमारे लिए गौरव का विषय है। ‘वंदे मात्रम’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है।

आज हमारे सामने एक बड़ी चुनौती नशे की भी है। नशा हमारी युवा शक्ति, परिवारों और समाज के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा राष्ट्रव्यापी ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के माध्यम से देशभर में 28,000 से अधिक स्थानों पर करोड़ों की संख्या में युवाओं ने नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता है कि इस अभियान में हरियाणा ने भी उल्लेखनीय भागीदारी की है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 3,200 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और युवाओं ने एक साथ नशामुक्त भारत का संकल्प लिया। मायभारत के आंकड़ों के अनुसार शैक्षणिक संस्थानों की श्रेणी में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का राज्य स्तरीय आयोजन देश का सर्वाधिक सहभागिता वाला कार्यक्रम बना।

इस अभियान के तहत हरियाणा सरकार नशे के खिलाफ लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर इस सामाजिक बुराई के विरुद्ध व्यापक जन चेतना पैदा करेगी। हमारा संकल्प है—नशामुक्त युवा, स्वस्थ परिवार और विकसित हरियाणा। राहगीरी, युवा मैराथन जैसे कार्यक्रम के माध्यम से नशे के विरुद्ध जनजागरण किया जा रहा है। मेरा आप सभी से आग्रह है कि नशे की इस लड़ाई में हम सबने अपना योगदान देना है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीते। इनमें हरियाणा के खिलाडिय़ों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। हरियाणा के खिलाडिय़ों ने 11 पदक जीते हैं, जिनमें 7 स्वर्ण पदक शामिल हैं। प्रदेश की बेटियों ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा का गौरव और बढ़ाया है, जिसमें विशेषकर मिनी क्यूबा कहलाने वाले जिला भिवानी की बेटियों ने तो कमाल कर दिखाया है।

भिवानी से साक्षी चौधरी, प्रीति पंवार, प्रिया घणघस, जेसमिन लंबोरिया ने बॉक्सिंग में अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीत कर जिला व प्रदेश का नाम देश और दुनिया में रोशन किया है। जिला भिवानी से ही सचिन सिवाच ने भी बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक हासिल किया है। भिवानी की उपलब्धि यहीं नहीं रूकती, सीमा कालीरामन ने डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक और यशवीर ने जेवलिन थ्रो में कांस्य पदक जीता है। मैं सभी खिलाडिय़ों, उनके प्रशिक्षकों और परिवारों को उनकी उपलब्धियों के लिए हार्दिक बधाई देता हूं। इन खिलाडिय़ों की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

प्रदेश सरकार का एक और महत्वपूर्ण संकल्प है।
उन्होंने कहा कि न्यायपालिका, सिविल सेवाओं, वैज्ञानिकों, शिक्षकों, किसानों, श्रमिकों, उद्यमियों, चिकित्सकों और देश-प्रदेश का नाम रोशन करने वाले हमारे खिलाडिय़ों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। आप सभी की मेहनत और उपलब्धियां ही भारत और हरियाणा की असली शक्ति हैं। आइए, हम सब मिलकर अपने महान स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत और विकसित हरियाणा बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाएं।

एक बार फिर, आप सभी को 80 वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।
मुख्य अतिथि  ने शहीद स्मारक पर शहीदों को पुष्प अर्पित कर समारोह स्थल पर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया।
 परेड का निरीक्षण कर  संबोधन के तत्पश्चात स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों युद्ध वीरांगनाओं शाल ओढ़ा कर उनके स्थान पर जाकर सम्मानित किया।
 सामाजिक व सरकारी क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले समाज सेवको औऱ अधिकारी और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।  सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रशंसा पर शील्ड देकर सम्मानित किया।

वंदे मातरम गीत के बाद राष्ट्रीय गान के साथ राष्ट्रीय पर्व का समापन 10:55 पर किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में एसडीएम संदीप कुमार, डीएसपी दिलीप सिंह, बीजेपी के संयोजक हरि सिंह सांगवान, भाजपा नेता रविन्दर बापोंड़ा, नायब तहसीलदार अशोक कुमार, बीडीपीओ अमित कुमार, बीडीसी वाइस चेयरमैन सुनील भरीवास, एसएचओ विशेष कुमार, खण्ड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार, सरपंच राजेश कुमार, एसडीओ विक्रम पुनियां, बिजेन्दर खर्ब, चेतन, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों युद्ध वीरांगनाओं सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

समारोह में प्रतिभागी स्कूल एवं कॉलेज मार्च पास्ट में हरियाणा पुलिस, बनवारी लाल जिंदल सुईवाला महाविद्यालय ( एनसीसी विंग), संगम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तोशाम (एनसीसी एयर विंग व आर्मी विंग - छात्र/छात्राएं), राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (छात्र/छात्राएं) एवं आरोही मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय।
पीटी शो, डंबल व लेजियम प्रदर्शन में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, आरोही मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेगामाइंड वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जिंदल उच्च विद्यालय, विद्याशिल्प स्मार्ट स्कूल तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विद्याशिल्प स्मार्ट स्कूल, आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, आरोही मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जिंदल उच्च विद्यालय एवं राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा देश भक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं।

Share:

Comments

Leave a comment