तोशाम में स्कूल बस का फर्श टूटने से गिरी 4 साल की बच्ची, बाल-बाल बची जान, मचा हड़कंप

तोशाम में एक बड़ा हादसा होने से टल गया है। तोशाम में एक प्राइवेट स्कूल बस के फर्श में से करीब 4 साल की बच्ची नीचे निकल गई। बच्ची का आधा शरीर नीचे लटक रहा था और सिर ऊपर की तरफ था। इस घटना के बाद मौके पर जोरदार हंगामा मच गया। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में बच्ची बाल-बाल बच गई और उसे सुरक्षित बचा लिया गया।
कैसे हुआ यह हादसा
यह पूरी घटना तोशाम की है जहां विष्णु दत्त शास्त्री के अनुसार एक प्राइवेट स्कूल बस में यह मामला सामने आया है। तोशाम निवासी सुमित महता की करीब 4 वर्षीय बेटी एक प्राइवेट स्कूल में केजी कक्षा में पढ़ती है। पिता सुमित महता ने बताया कि वीरवार के दिन उन्होंने अपनी बच्ची को स्कूल बस में बैठाया था। बस चलने ही लगी थी और उसने थोड़ी सी ही दूरी तय की थी कि तभी बस में बैठे अन्य बच्चे जोर-जोर से चिल्लाने लगे।
बच्चों के चिल्लाने पर हुआ खुलासा
बच्चों की आवाज सुनकर जब आसपास देखा गया तो पता चला कि बच्ची की गर्दन बस के फर्श में फंसी हुई है। बच्ची की गर्दन बस के फर्श के ऊपर थी और उसका नीचे वाला हिस्सा बस के फर्श से नीचे लटक रहा था। परिजनों और वहां मौजूद लोगों ने बड़ी मुश्किल से बच्ची को उस टूटे हुए फर्श से बाहर निकाला। बच्ची इस घटना में बाल-बाल बच गई है। यदि बच्ची किसी तरह बस के टायर के नीचे आ जाती तो एक बहुत बड़ा और भयानक हादसा हो सकता था।
पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर फरार
इस घटना के तुरंत बाद डायल 112 पर पुलिस को फोन करके पूरी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, बस का ड्राइवर मौका देखकर वहां से फरार हो गया। तोशाम के थाना प्रभारी विशेष कुमार ने मीडिया को जानकारी दी कि उनको यह सूचना मिली थी कि प्राइवेट बस का फर्श टूटा हुआ था जिसके कारण बच्ची बस के फर्श से नीचे निकल गई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी और शिकायतकर्ता को एक लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया है। पुलिस का कहना है कि जो भी लिखित शिकायत थाने में आएगी, उसी के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।