तोशाम में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, बूथ स्तर पर लगेंगे विशेष शिविर

तोशाम विधानसभा क्षेत्र में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत बूथ स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को आशीर्वाद के दीये जलाने से की जाएगी, जिसमें विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी भी शामिल होंगे। यह बैठक एसडीएम संदीप कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें तोशाम विधानसभा क्षेत्र के सभी बीएलओ और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य
एक माह तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र नागरिकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा सरकारी सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला मुख्यालय, उपमंडल, ब्लॉक व बूथ स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान की गतिविधियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने पर भी केंद्रित रहेंगी।
14 मॉड्यूल का होगा सफल क्रियान्वयन
बैठक के दौरान एसडीएम संदीप कुमार ने सेवा संकल्प अभियान में लिए गए 14 मॉड्यूल के सफल क्रियान्वयन को लेकर बीएलओ को जिम्मेदारियां सौंपी। इन निर्धारित 14 प्रमुख मॉड्यूल में मेरे सपनों का भारत - चित्र सेवा, अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग-राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज और सुशासन सेवा संवाद अभियान शामिल हैं।
विभिन्न विभागों और जनप्रतिनिधियों की होगी भागीदारी
एसडीएम ने निर्देश दिए कि अभियान के तहत प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायतों, युवाओं तथा आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस एक महीने तक चलने वाले अभियान में जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य रहेगा कि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले।
जागरूकता कार्यक्रमों का होगा आयोजन
अभियान के दौरान जागरूकता को लेकर रोड़ सेफ्टी, नशामुक्ति, साइबर क्राईम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ आदि विषयों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं को अपनाकर अपना जीवन स्तर ऊंचा उठाने वाले लोगों की कहानियों को प्रचार-प्रसार के माध्यम से आमजन के बीच पहुंचाने का काम किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी सामंजस्य के साथ कार्य करेंगे और सभी बीएलओ मतदान केंद्रों पर पंचायत व राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों के कर्मचारियों के साथ आपसी तालमेल के साथ कार्य करेंगे।