तोशाम में मकान के आगे बनी दुकान और घर में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

तोशाम में एक मकान के आगे बनी दुकान में आग लगने से घरेलू सामान और दुकान का सामान जलकर हुआ राख
विष्णु दत्त शास्त्री /तोशाम /06 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
तोशाम के आदर्श नगर स्थित सरकारी आईटीआई के पीछे एक मकान के आगे बनी दुकान में रविवार सुबह अचानक आग लग गई। इस आगजनी की घटना में घरेलू सामान और दुकान का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग लगने की इस घटना से पीड़ित परिवार को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है। मकान मालिक पीड़ित कार्तिक ने प्रशासन से नुकसान का आकलन करवाकर उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है।
पीड़ित कार्तिक ने जानकारी देते हुए बताया कि वह अपने परिवार के साथ इसी मकान में रहता है। घर के एक कमरे में उसने किरयाना और कॉस्मेटिक सामान की दुकान कर रखी है। रविवार सुबह करीब 8 बजे अचानक कमरे में आग लग गई। कमरे से आग की लपटें और धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया।
आसपास के लोगों ने बुझाने का किया प्रयास
आग की लपटें और धुआं दिखाई देने पर आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया गया। पीड़ित के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में रखा अधिकांश सामान इसकी चपेट में आ गया।
आग में जला लाखों का घरेलू और दुकान का सामान
इस भीषण आग की चपेट में आने से बेड, चारपाई, एसी, सौर ऊर्जा पैनल, कपड़े, जरूरी दस्तावेज और कंप्यूटर/लैपटॉप जल गए। इसके साथ ही कमरे में रखा किरयाना व कॉस्मेटिक का सामान सहित अन्य घरेलू सामान भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। कार्तिक ने बताया कि आगजनी से उनके परिवार को काफी ज्यादा आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्रशासन से मुआवजे की लगाई गुहार
अचानक हुए इस भारी नुकसान की वजह से अब पीड़ित परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित कार्तिक ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को तुरंत मौके पर भेजा जाए। आग से हुए नुकसान का सही सर्वे करवाया जाए और पीड़ित परिवार को नियमों के अनुसार उचित मुआवजा व आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाए।