त्यौहारी सीजन में तोशाम में चीनी के दाम बढ़े, महंगाई से मिठास हुई फीकी

त्यौहारी सीजन में तोशाम में चीनी के दाम बढ़े, महंगाई से मिठास हुई फीकी

त्यौहारी सीजन पर चीनी ने बिगाड़ा मिठास का जायका, चीनी की मिठास पर भारी पड़ी महंगाई की मार

आमजन के लिए त्यौहारी सीजन के बीच चीनी बनी आर्थिक बोझ, पिछले 1 महीने में चीनी के दामों में करीबन 1500 से 2000 रुपए प्रति क्विंटल की हुई ऐतिहासिक वृद्धि

तोशाम/19 अगस्त 2026 /विष्णु दत्त शास्त्री/ अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

सावन मास के त्योहारी सीजन के बीच रिकॉर्ड तोड़ चीनी के बढ़ते दामों ने मिठास का जायका बिगाड़ दिया है। ऐसे में चीनी की निरंतर बढ़ती कीमतों ने आमजन के साथ-साथ मिठाई कारोबार से जुड़े व्यापारियों की चिंता भी बढ़ा दी है। जिससे रक्षाबंधन पर्व, जन्माष्टमी पर्व, राधाष्टमी पर्व, नवरात्रि, दशहरा सहित दीपावली पर्व और अन्य धार्मिक आयोजनों के कारण मिठाईयों की माँग बढ़ जाएगी। यदि चीनी की कीमतों में निरंतर इसी तरह वृद्धि जारी रही तो मिठाईयों के दाम बढ़ना भी स्वाभाविक है। जिससे त्यौहारी सीजन पर चीनी की मिठास महंगाई की मार से कड़वी होती दिखाई दे रही है।

उल्लेखनीय है कि पिछले करीबन 1 महीने में चीनी के दामों में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है। गत जून, जुलाई के महीने में चीनी का थोक भाव 4000 से 4400 रुपए प्रति क्विंटल तक था। लेकिन अगस्त महीने में सावन माह के चलते चीनी के दामों में अचानक इतना उछाल आ गया कि चीनी की कीमत बढ़कर 6000 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गई। यानी कि पिछले महज 1 माह में चीनी के दाम में करीबन 1500 से 2000 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है। चीनी की इन बढ़ती कीमतों का सीधा असर मिठाई उद्योग पर पड़ने की आशंका है। क्योंकि चीनी के दाम बढ़ने से मिठाईयों के निर्माण की लागत निरंतर बढ़ रही है, जोकि मिठाई व्यापारियों के लिए लगातार चिंता का विषय बनी हुई है।
चीनी व्यापारी भी असमंजस में...

हनुमान प्रसाद संडवा वाले, चीनी व्यापारी, तोशाम।

तोशाम में करीबन 45 साल पुरानी चीनी फर्म जगदीश प्रसाद, सुरेश कुमार ग्रेन मर्चेंट के वरिष्ठ व्यापारी हनुमान प्रसाद संडवा वाले ने चीनी की बढ़ती कीमतों पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि चीनी केवल एक खाद्य पदार्थ नहीं है, बल्कि यह आम लोगों के दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

चीनी व्यापारी हनुमान प्रसाद का कहना था कि चाय से लेकर मिठाईयों तक हर घर में चीनी का उपयोग होता है। ऐसे में चीनी की कीमतों में निरंतर वृद्धि आम लोगों के बजट को प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा कि त्योहारों का मौसम शुरू हो चुका है जिसके चलते अबकी बार चीनी के बढ़ते दाम मिठाईयों की मिठास पर जरूर असर डालेंगे।

हनुमान प्रसाद ने बताया कि सन 1982 से उनका पीढ़ी दर पीढ़ी चीनी का व्यापार है लेकिन अबकी बार जो चीनी के दामों में बढ़ोतरी हुई है ऐसी कभी भी नहीं हुई और वह स्वयं भी चीनी के बढ़े दामों से असमंजस में हैं। व्यापारी हनुमान प्रसाद ने मीडिया के माध्यम से सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा कि चीनी की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।

वहीं पर त्यौहारी सीजन के चलते धार्मिक आयोजनों, मंदिरों में भोग प्रसाद और पारिवारिक कार्यक्रमों, समारोह में मिठाईयों का विशेष महत्व होता है। ऐसे में चीनी के दामों में आई तेजी का असर केवल व्यापार तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि यह हर वर्ग की रसोई तक देखने को मिलेगा। इन हालातों में सभी की निगाहें सरकार पर टिकी हैं कि चीनी की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे या यह कीमतें इसी तरह निरंतर आसमान छूती रहेंगी।

Share:

Comments

Leave a comment