तरावड़ी में दो मजदूरों की दर्दनाक मौत

Atal Hind18 February 20262 min read1 viewsकरनाल
तरावड़ी में दो मजदूरों की दर्दनाक मौत
दो मजदूरों की दर्दनाक मौत

गहरे गड्ढे में काम करते समय मिट्टी गिरी, मौके पर ही दबे दोनों श्रमिक, पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव, पुलिस जांच में जुटी

तरावड़ी, 18 फरवरी (रोहित लामसर)।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

तरावड़ी शहर के सौंकड़ा गांव के पास नहर किनारे सड़क पर चल रहे पाइपलाइन बिछाने के काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। खुदाई के लिए बनाए गए गहरे गड्ढे में मिट्टी धंसने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नहर के साथ डेरे की ओर जाने वाली सड़क पर रजबाहे के लिए पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान गहरे गड्ढे में उतरकर दो मजदूर काम कर रहे थे, तभी अचानक ऊपर से मिट्टी भरभराकर गिर गई और दोनों मजदूर उसमें दब गए।

 

हादसे में जान गंवाने वालों में एक मजदूर गांव सांभली का रहने वाला 42 वर्षीय रामपाल बताया जा रहा है, जबकि दूसरा मजदूर भिवानी क्षेत्र का 40 वर्षीय आसाराम था। साथ काम कर रहे अन्य लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मौके पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा था। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा प्रबंधों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

क्या गहरे गड्ढों में काम से पहले पर्याप्त सपोर्ट और सुरक्षा उपाय किए गए थे या नहीं, इसकी जांच अब पुलिस करेगी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। जांच अधिकारी कर्मबीर ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार पाइपलाइन बिछाने के दौरान गड्ढे की मिट्टी धंसने से हादसा हुआ। आगे की कानूनी कार्रवाई परिजनों की शिकायत के आधार पर की जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment