हरियाणा में आए दिन बढ़ रहे कोरोना मरीज ,315 पर पहुंचा आंकड़ा ,दो नर्स मिली संक्रमित,नूंह पहले नंबर पर
Corona patient increasing day by day in Haryana, figure reached 315, two nurses found infected, Nooh at number one
फरीदाबाद (अटल हिन्द/योगेश गर्ग )। प्रदेश मे कोरोना मरीजों की संख्या 315 पहुंच गई है। बुधवार को 6 नए मरीज सामने आए हैं। इनमें गुरुग्राम में 3 मरीज मिले। इनमें से दो सिविल अस्पताल की स्टाफ नर्स हैं। वहीं,सोनीपत के खुबडू गांव में एक महिला फिर पॉजिटिव आई है। झज्जर में अजादपुर सब्जी मंडी से सब्जी लाने वाला संक्रमित मिला है। नूंह में मुंबई से लौटा व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है।बुधवार को एक मरीज ठीक हुआ। अब राज्य मेंकुल ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 225 पहुंच गई है।
गुरुग्राम में 2 स्टाफ नर्स समेत कुल 3 पॉजिटिव
गुरुग्राम में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 54 हो गई है। बुधवार को तीन मरीज आए। इनमें सिविल अस्पताल की दो स्टाफ नर्स शामिल हैं। अस्पताल में जब यह खबर दूसरे स्टाफ को मिली तो हड़कंप मच गया। हालांकि पहले तो चार नर्स को कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना थी, लेकिन देर शाम स्वास्थ्य विभाग ने मात्र दो नर्स को ही कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना दी। बता दें कि इससे पूर्व भी यहां पर एक महिला डॉक्टर भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। वह कोरोना पॉजिटिव मरीजों के सेंपल लेती थी।
अजादपुर मंडी से सब्जी लाने वाला मिला पॉजिटिव
झज्जर जिले के लिए दिल्ली ने टेंशन बढ़ा दी है। ग्रीन जोन में रखे गए झज्जर जिले में लगातार मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। यहां अब 7 मरीज हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक एक और कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। वह भी दिल्ली अजादपुर मंडी से सब्जी लाता था। स्वास्थ्य विभाग ने उसके उन दो साथियों के भी सैंपल जांच के लिए भेजे हैं जोकि कोरोना पॉजिटिव युवक के साथ एक ही कमरे में रहते थे। सिविल सर्जन आरएस पूनिया ने बताया कि 341 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। इनमें से अभी 124 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। सब्जी मंडी में एक और कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद पूरा स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर आ गया है। बुधवार को सब्जी मंडी के बाहर व आस-पास के क्षेत्रों में लगे पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की भी जांच की गई।
नूंह में मुंबई से लौटा शख्स कोरोना पॉजिटिव
नूंह जिले में पिछले 10 दिन से कोई कोरोना का मरीज सामने नहीं आया था। लेकिन बुधवार को एक नया मरीज सामने आया है। यहां अब कुल मरीजों की संख्या 58 हो गई है। यहां अब पॉजिटिव मिला शख्स मुंबई से लौटा है। वह मुंबई से लॉकडाउन की धज्जियां उड़ाता नूंह पहुंचा। ट्रक वालों को लालच दे-देकर जैसे तैसे नूंह के सुखपुरी गांव पहुंच गया। उसका कोरोना टेस्ट किया गया तो अब पॉजिटिव पाए जाने की पुष्टि हुई है। इससे नूंह में एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। हरियाणा में नूंह अभी भी कुल संक्रमित मरीजों में पहले स्थान पर है।
tabligi Jamaat के हजारों सदस्य blood डोनेट करने को तैयार मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को भेजा ज्ञापन
गन्नौर के खुबडू गांव में फिर महिला पॉजिटिव
सोनीपत जिले के गन्नौर खंड में पड़ने वाले गांव खुबडू की एक महिला में बीती देर रात कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हो गई है। इस एक नए मामले के साथ ही सोनीपत में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की संख्या 25 हो गई है। उपायुक्त डॉ. अंशज सिंह ने कहा कि सोनीपत में बढ़ रहे कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों पर लगाम लगाने के लिए लॉकडाउन की पूर्ण अनुपालना करनी होगी। अब कोविड-19 कोरोना वायरस के पॉजिटिव केसों का आंकड़ा दो दर्जन के पार पहुंच गया है। कोरोना संदिग्ध 1842 लोगों के सैंपल लिए, 1665 की जांच हुई, 177 की रिपोर्ट आनी है।
67 वर्षीय व्यक्ति की बीती रात मौत
फरीदाबाद में एक बुजुर्ग की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। 67 वर्षीय इस व्यक्ति की बीती रात करीब मौत हो गई थी। एक निजी अस्पताल में भर्ती रहे इस व्यक्ति का इलाज चल रहा था। उसी निजी अस्पताल ने अपने स्तर पर ही मृतक व्यक्ति का कोरोना टेस्ट एक प्राइवेट लैब से करवाया था, जिसमें उसे पॉजीटिव बताया गया था। हालांकि कहा जा रहा है कि इस व्यक्ति को शुगर, हाईपरटेंशन व सांस की गंभीर बीमारी थी। मगर प्राइवेट लैब की जांच में इस व्यक्ति को कोरोना होने की पुष्टि हुई थी। सिविल सर्जन डॉक्टर कृष्ण कुमार ने बताया कि प्राइवेट लैब से जांच के मामले पहले भी संदेहास्पद रहे हैं, अतः इसकी सरकारी लैब से कोरोना जांच करवाने के लिए दोबारा सैंपल भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट पेंडिंग है।
अब भी नूंह पहले नंबर पर
राज्य में सबसे ज्यादा 58 मरीज नूंह के हैं। गुड़गांव में 54, फरीदाबाद में 46, पलवल में 34, पंचकूला में 19, सोनीपत में 25, अम्बाला में 14, पानीपत में 13, झज्जर में 7, करनाल में 6, रोहतक, हिसार और सिरसा में 4-4, यमुनानगर और भिवानी में 3-3, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र में 2-2 और चरखी दादरी, झज्जर और फतेहाबाद में एक-एक पॉजिटिव मरीज मिला। इसके अलावा, मेदांता अस्पताल गुड़गांव में 14 इटली के नागरिकों को भी भर्ती करवाया गया था, जिन्हें हरियाणा ने अपनी सूची में जोड़ा गया है। उनके समेत कुल संक्रमित का आंकड़ा 315 है। प्रदेश में अब कुल 225 मरीज ठीक हो गए हैं। नूंह में 46, फरीदाबाद में 41, गुरुग्राम में 36, पलवल 32, पंचकूला में 13, अम्बाला में 10, करनाल और पानीपत में 5-5, सिरसा और सोनीपत में 4-4, यमुनानगर में 3, हिसार, कैथल, कुरुक्षेत्र और भिवानी में 2-2, चरखी दादरी,फतेहाबाद 1-1 मरीज ठीक होने पर घर भेजा गया। 14 मरीज इटली के भी ठीक हुए हैं, उनके समेत कुल आंकड़ा 225 हो जाता है।
प्रदेश में अब तक 133 जमाती संक्रमित मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा नूंह जिले से हैं। यहां कुल 42 जमाती संक्रमित पाए गए। इसके अलावा,पलवल 31, फरीदाबाद 23, गुरुग्राम 15,अम्बाला 5, पंचकूला 7, यमुनागर 3, भिवानी 2,कैथल,जींद, चरखी दादरी,फतेहाबाद और सोनीपत में एक-एक मरीज संक्रमित मिला। यह सभी मरकज से लौटे थे। जिन्हें अलग-अलग मस्जिदों और गांवों से पकड़ा गया था।