सिरसा में बोलीं महिला आयोग की चेयरपर्सन ऊषा प्रियदर्शी: महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन ऊषा प्रियदर्शी ने सिरसा में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों की रक्षा और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं, सुविधाओं, सुरक्षा एवं शिकायतों के निवारण की स्थिति का जायजा लिया।
सिरसा सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण
सिरसा सिविल अस्पताल के निरीक्षण के दौरान चेयरपर्सन ऊषा प्रियदर्शी ने महिला मरीजों एवं नवजात शिशुओं को उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने महिला मरीजों से सीधे संवाद किया। मरीजों से उनकी समस्याओं, उपचार के अनुभव तथा अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने अस्पताल में सफाई, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की भी पूरी समीक्षा की।
महिला थाना निरीक्षण और शिकायत निवारण तंत्र
सरकारी प्रवक्ता ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि चेयरपर्सन द्वारा महिला थाना के निरीक्षण के दौरान महिलाओं से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की गई। उनकी सुनवाई, पुलिस स्तर पर की जा रही कार्रवाई तथा मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया की भी जांच हुई। उन्होंने महिलाओं की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए शिकायत निवारण तंत्र को और अधिक मजबूत तथा संवेदनशील बनाने पर विशेष जोर दिया।
व्यवस्थाओं में सुधार और अधिकारियों को निर्देश
इस दौरान सभी संस्थानों की व्यवस्थाओं की समग्र समीक्षा की गई। जहां भी किसी प्रकार की कमी या कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता सामने आई, उसे तुरंत दूर कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के लिए कहा गया। उन्होंने कहा कि इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं को परखना, कमियों को चिन्हित करना और उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि प्रत्येक महिला को एक सुरक्षित, बेहतर व सम्मानजनक वातावरण मिल सके।