VBYLD 2027 क्विज: कैथल के युवाओं को PM से मिलने का मौका

Atal Hind Team Online11 September 20263 min read29 viewsकैथल
VBYLD 2027 क्विज: कैथल के युवाओं को PM से मिलने का मौका

VBYLD-2027 क्विज लाइव, कैथल के युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार रखने का मिलेगा अवसर

कैथल/11 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

जिला युवा अधिकारी श्री मोहित नेहरा ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य देश के युवाओं को विकसित भारत @2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना तथा उन्हें अपने विचार, नवाचार एवं समाधान प्रस्तुत करने के लिए राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। VBYLD-2027 में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा विभिन्न अवसरों के माध्यम से भाग ले सकते हैं।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

उन्होंने बताया कि VBYLD-2027 के विकसित भारत चैलेंज ट्रैक का प्रथम चरण VBYLD क्विज वर्तमान में MY Bharat Portal पर लाइव है और 30 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। क्विज में सफल प्रतिभागियों को आगे निबंध, जिला एवं राज्य स्तरीय चरणों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवा राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर अपने विचार प्रस्तुत कर सकेंगे।

जिला युवा अधिकारी ने बताया कि VBYLD-2027 के अंतर्गत युवाओं के लिए विभिन्न ट्रैक एवं अवसर उपलब्ध हैं। विकसित भारत चैलेंज के माध्यम से युवा क्विज, निबंध एवं PPT प्रस्तुति के माध्यम से विकसित भारत @2047 से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार एवं समाधान प्रस्तुत करेंगे। सांस्कृतिक ट्रैक में लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक एवं कविता लेखन जैसी विधाओं के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा एवं भारत की सांस्कृतिक विरासत को मंच प्रदान किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त Design for Bharat, Hack for Social Cause एवं Youth Entrepreneurs Challenge के माध्यम से युवाओं की नवाचार क्षमता, रचनात्मक सोच एवं उद्यमशीलता को प्रोत्साहित किया जाएगा। Youth Parliament के माध्यम से भी युवाओं को विकसित भारत @2047 से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श, संवाद एवं बहस में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि VBYLD-2027 के माध्यम से युवाओं को जिला स्तर से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय मंत्रिगण तथा विभिन्न क्षेत्रों में देश के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ संवाद करने और अपने विचार साझा करने का अवसर प्राप्त होगा।

श्री मोहित नेहरा ने कहा कि VBYLD-2027 कैथल के युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा, रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता एवं विचारों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कैथल जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की कि वे VBYLD-2027 क्विज में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

उन्होंने यह भी बताया कि MY Bharat, कैथल द्वारा जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में VBYLD-2027 क्विज के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकतम युवा सहभागिता के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं से अपील की गई कि वे अपने मित्रों एवं अन्य पात्र युवाओं को भी इस राष्ट्रीय पहल में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।

क्विज एवं VBYLD-2027 से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए युवा MY Bharat Portal – www.mybharat.gov.in

पर विजिट कर सकते हैं। कार्यक्रम की नवीनतम तिथियों एवं दिशा-निर्देशों के लिए पोर्टल पर उपलब्ध अपडेट को नियमित रूप से देखते रहने की अपील की गई।

Share:

Comments

Leave a comment