दीनबंधू छोटूराम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रकाश सिंह का कार्यकाल बढ़ाया गया

चंडीगढ़, 07 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल के कुलपति प्रकाश सिंह का कार्यकाल बढ़ा दिया है। उनका यह कार्यकाल आज यानी 7 सितंबर को समाप्त होना था। अब वे अगले आदेश तक या नए कुलपति की नियुक्ति होने तक अपने पद पर बने रहेंगे। इन दोनों स्थितियों में से जो भी पहले होगा, वही प्रभावी माना जाएगा। राज्यपाल ने यह बड़ा फैसला हरियाणा सरकार की सिफारिश पर लिया है।
क्यों बढ़ाया गया कार्यकाल
विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यकाल बढ़ाने का मुख्य उद्देश्य यह है कि संस्थान के शैक्षणिक और प्रशासनिक कामकाज में निरंतरता पूरी तरह से बनी रहे। इससे नए कुलपति की नियुक्ति होने तक विश्वविद्यालय के सभी जरूरी काम बिना किसी रुकावट के सुचारू रूप से चलते रहेंगे। नए कुलपति की नियुक्ति हमेशा की तरह निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही की जाएगी। जैसे ही नए कुलपति की नियुक्ति होगी, वैसे ही वर्तमान कुलपति का यह विस्तारित कार्यकाल तुरंत समाप्त हो जाएगा।