रेवाड़ी में विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस संपन्न, समाज को संगठित करने पर दिया जोर

विश्व हिंदू परिषद की स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को नंगली परसपुर स्थित कृपानाथ मंदिर में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नितेश यादव जिला उपाध्यक्ष विश्व हिन्दू परिषद नंगली परसपुर द्वारा की गयी।
विश्व हिंदू परिषद का गौरवशाली इतिहास
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉक्टर अश्वनी जोशी जो प्रान्त संस्कृत आयाम प्रमुख हैं, उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद की स्थापना वर्ष 1964 में संदीपनी मुनि के आश्रम में संतों के सानिध्य में हुई थी। उन्होंने कहा कि परिषद की स्थापना का मूल उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना है। समाज में एकता एवं समरसता स्थापित करना तथा हिंदू संस्कृति, परंपराओं और जीवन-मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य करना रहा है। डॉक्टर अश्वनी ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद अपने स्थापना काल से ही समाज को जागरूक करने का कार्य कर रहा है। परिषद सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का कार्य करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कार और गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओ का आह्वान करते हुए कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता, संस्कार और संगठन में निहित है। प्रत्येक कार्यकर्ता को समाजहित, सेवा और राष्ट्रहित की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
संगठन के सेवा और सामाजिक जागरण के कार्य
कार्यक्रम में उपस्थित जिला सह मंत्री कृष्ण रायपुर व बजरंग दल सह संयोजक राहुल चोकन ने विचार रखे। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की यात्रा को स्मरण किया। उन्होंने संगठन के सेवा एवं सामाजिक जागरण के कार्यों पर प्रकाश डाला। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन के मूल उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने समाज में आपसी भाईचारा, समरसता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, उत्साह और संगठनात्मक भावना से ओत-प्रोत रहा। जिला मंत्री प्रमेश कुमार ने बताया की विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सप्ताह भर से कार्यक्रम चल रहे है। आज जिले में इसके अलावा दो कार्यक्रम गढ़ी बोलने और बिशनपुर में भी आयोजित किये गये। इसी प्रकार के आठ कर्यक्रम जिले में पहले हो चुके है। अंत में सभी उपस्थितजनों ने विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। सभी ने संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर काफी बड़ी संख्या में मातृ शक्ति तथा दुर्गा वाहिनी की माताओं और बहनों ने भी हिस्सा लिया।